कर्नाटक के मंगलुरु में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक मुस्लिम लड़के को बुरी तरह से पीटा। उस लड़के की गलती सिर्फ इतनी थी कि वह एक हिंदू लड़की के साथ बाजार में खरीदारी करने चला गया था।
इस घटना के बाद पुलिस ने बजरंग दल के 5 कार्यकर्ताओं को 21 साल के मुस्लिम लड़के को बुरी तरह से पीटने के अपराध में गिरफ्तार किया है। अभी पुलिस को बजरंग दल के 5 अन्य कार्यकर्ताओं की तलाश है, जो फिलहाल फरार हैं।
यह घटना पिछले रविवार की है, जब 21 वर्षीय अरशद अपनी हिंदू महिला मित्र के साथ मंगलुरु शहर के फोरम फिजा मॉल में कुछ खरीदारी करने गया था। वहां पर दोनों ने करीब एक घंटे तक खरीदारी करने में समय बिताया।
एक घंटे तक बंधक बनाकर पीटा
शहर से बाहर ले जाकर अरशद को बुरी तरह पीटा
इसके बाद करीब 10 लोगों का एक समूह वहां जा पहुंचा। उनमें से एक ने लड़की से उसका नाम पूछा और उसे घर जाने के लिए कहा। जब लड़की ने उनका विरोध किया तो उन्होंने लड़की को भी अंजाम भुगतने की धमकी दी।
इसके बाद वो लड़के अरशद को मॉल की पार्किंग में खड़ी वैन में बैठाकर शहर के बाहर ले गए और उसे करीब घंटे भर तक बंधक बनाकर पीटा। उसके बाद अरशद को किसी भी हिंदू लड़की से बात न करने की धमकी देते हुए छोड़ दिया।
इसी समय के दौरान अरशद की महिला मित्र ने उन लड़कों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवा दी। लड़की की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें चेतन (22), रक्षित (23), सुशांत शेट्टी (23), शरत कुमार (20) और अश्विन राज (21) हैं। अन्य पांच लड़कों को इस गिरफ्तारी का पता चलते ही वो फरार हो गए।
मॉल में ही काम करते हैं सभी लड़के
फेसबुक से हुई थी अरशद की उस लड़की से दोस्ती
- फोटो : gettty
पुलिस के अनुसार अरशद दुबई की एक निजी कंपनी में काम करता है, जो हाल ही में मंगलुरु लौटा था। लड़की से उसकी दोस्ती फेसबुक के जरिए हुई, जो मणिपाल के एक निजी कॉलेज में पढ़ती है। लड़की महाराष्ट्र की रहने वाली है। दोनों ने मंगलुरु में मिलने का फैसला किया था।
पुलिस की छानबीन से पता चला है कि सभी 10 आरोपी उसी मॉल में स्टाफ के तौर पर काम करते थे। उन्हीं में से एक ने अरशद को उस लड़की के साथ खरीदारी करते देखा और अपने साथियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद सभी ने अरशद को सबक सिखाने का फैसला किया और उसे अगवा कर लिया।