यहां एक बाजार में हफ्तों से पड़े कूड़े के ढेर के खिलाफ एक न्यायिक अधिकारी धरने पर बैठ गए। उनके ऐसा करने से निगम अधिकारियों में अफरातफरी मच गई और चंद घंटों में ही सारा कचरा साफ हो गया। दरअसल एर्नाकुलम के व्यस्त सब्जी एवं फल मार्केट में एक महीने से ज्यादा से कचरे का ढेर पड़ा हुआ था।
व्यापारियों ने जिला विधिक सेवा के उप जज और सचिव एएम बशीर से इसकी शिकायत की। बशीर बाजार में बिना लाइसेंस के चलने वाली दुकानों के निरीक्षण के लिए निकले थे। उन्होंने सीधा एक्शन लेते हुए किसी दुकान से एक कुर्सी ली और
कूड़े के ढेर के पास बैठ गए और कहा, जब तक कूड़ा साफ नहीं किया जाता, वह यहां से नहीं उठेंगे।
पुलिस ने उप जज के इस कदम की जानकारी नगर निगम को दी तो वहां पर खलबली मच गई। तत्काल हरकत में आए निगम कर्मियों ने आनन-फानन में वहां से कचरा साफ कर दिया। बाद में बशीर ने मीडिया से कहा कि उन्होंने ये कदम इसलिए उठाया, क्योंकि उनकी जानकारी में नजदीक ही बने स्कूल के छात्रों के स्वास्थ्य को इस कचरे से खतरा होने की बात आई थी।
सूत्रों का कहना है कि निगम ने उन अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है, जिनके कारण ये समस्या उत्पन्न हुई थी।