भारत इस माह मुंबई के प्रतिष्ठित ताज पैलेस होटल में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की काउंटर टेररिज्म कमेटी की मेजबानी करेगा। यह बैठक 28 अक्तूबर से शुरू होने जा रही है। करीब 14 साल पहले हुए 26/11 आतंकी हमलों में ताज पैलेस होटल भी आतंकियों के निशाने पर था।
अधिकारियों के मुताबिक, इसके बाद अगले दिन यानी 29 अक्तूबर को सयुक्त राष्ट्र के इस शीर्ष पैनल की बैठक दिल्ली में होगी। माना जा रहा है कि पहले दिन ताज पैलेस होटल का चयन इसलिए किया गया ताकि आतंकवाद के खिलाफ भारत के मजबूत संकल्प का संदेश दुनिया के अन्य देशों तक पहुंच सके।
26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान के दस आतंकी भारत की वित्तीय राजधानी में घुसे थे। ये आतंकी कराची से अरब सागर के समुद्री मार्ग का इस्तेमाल कर मुंबई पहुंचे थे। मुंबई में घुसने के बाद इन्होंने एक रेलवे स्टेशन, दो लग्जरी होटलों (ताज पैलेस और ओबेरॉय ट्राइडेंट होटल) और एक यहूदी केंद्र पर एक साथ हमला किया था।
सुरक्षाबलों को इनसे निपटने में साठ घंटे से अधिक का समय लगा था। इन हमलों के दौरान 160 से ज्यादा लोग मारे गए थे, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। यहीं नहीं, इसने दोनों देशों को युद्ध के कगार पर ला खड़ा कर दिया था।
पैनल की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि इस दौरान आतंकी उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल की जा रही नई टेक्नोलॉजी पर विचार विमर्श किया जाएगा। 28 अक्तूबर को सॉफ्ट ओपनिंग के साथ यूएन टेरर काउंटर कमेटी की विशेष बैठक शुरू होगी और 29 अक्तूबर को नई दिल्ली पूरे दिन यह बैठक जारी रहेगी।
भारत, वर्ष 2022 के लिए इस कमेटी का अध्यक्ष है। मुंबई व नई दिल्ली में आयोजित होने वाली इस विशेष बैठक में 15 देशों के राजनयिकों की मेजबानी भारत करेगा।
पिछले हफ्ते संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कहा था कि विशेष समिति की बैठक मुंबई में भी आयोजित हो रही है, यह भयावह घटना (आतंकी हमला) में मारे गए लोगों के लिए भी एक श्रद्धांजलि होगी।
15 सदस्य देशों वाले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत अस्थायी सदस्य है। इसके अध्यक्ष के रूप में उसका दो साल का कार्यकाल दिसंबर में समाप्त हो जाएगा। दिल्ली में होने वाली बैठक में आतंकवादी के बढ़ते खतरे और इससे प्रभावी ढंग से निपटने के तरीकों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
ऐसा सातवीं बार होगा, जब काउंटर टेरर कमेटी के सदस्य संयुक्त राष्ट्र के न्यूयॉर्क स्थित मुख्यालय से बाहर इकट्ठा होंगे। इस कमेटी की विशेष बैठक आखिरी बार संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय से बाहर जुलाई 2015 में मैड्रिड में हुई थी।