फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारी बारिश के बीच मुंबई से टकराया हाई टाइड, उफनते नाले में तीन बहे

Tue, 04 Aug 2020 06:58 PM IST
Sneha Baluni न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
मुंबई में भारी बारिश के बीच हाईटाइड टकरा गया है। - फोटो : ANI
विज्ञापन

मुंबई में हाई टाइड के साथ भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं। जिनकी ऊंचाई 4.51 मीटर तक है। सोमवार देर रात से हो रही बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया है। लोअर परेल, दादर, हिंदमाता, किंग्स सर्किल, सायन, चेंबुर, अंधेरी, सांताक्रूज और कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गई हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और उसके उपनगरीय क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। शहर के लोगों को अगले दो दिनों तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

विज्ञापन


मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए मंगलवार और बुधवार को रेड अलर्ट (204.5 मिलीमीटर से अधिक वर्षा होने की संभावना) जारी किया गया है, जिसमें जलभराव और यातायात बाधित होने की संभावना जताई गई है। आईएमडी ने रत्नागिरी के लिए मंगलवार और पालघर के लिए बुधवार को रेड अलर्ट जारी किया है। 

नाले में बह गईं महिला और बच्चियां 
मुंबई के उपनगर सांताक्रूज़ में मंगलवार दोपहर को भारी बारिश की वजह से एक घर के ढहने के बाद एक उफनते नाले में 35 साल की एक महिला और उसके तीन बच्चे बह गए। दमकल सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह साढ़े 11 बजे धोबीघाट इलाके में हुई जहां भारी बारिश की वजह से नाले से सटा एक मंजिला घर ढह गया।
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि इसके बाद महिला और एक से सात साल के उसके तीन बच्चे नाले में बह गए। अधिकारी ने बताया कि पुलिस किसी तरह से दो साल की बच्ची को बचाने में कामयाब रही। इसके बाद दोपहर करीब सवा 12 बजे दमकल कर्मी पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि दमकल की कम से कम दो गाड़ियां, एक एंबुलेंस, एनडीआरएफ और अन्य बचाव टीमों को सेवा में लगाया गया है।

बाद में एनडीआरएफ टीम ने एक और महिला का शव बरामद किया जो नाले में बह गई थी। इससे पहले टीम ने एक बच्ची को बचा लिया जबकि 7 साल की बच्ची की तलाश अब भी जारी है।  
 
 



मुंबई में गोरई तट के नजदीक समुद्र में नौका ड्रबी: 11 को बचाया गया दो लापता

उत्तर मुंबई के गोरई तट से 12 किलोमीटर दूर मंगलवार दोपहर को समुद्र में एक नौका डूब गई जिसमें सवार दो मछुआरे लापता हैं जबकि 11 अन्य को बचा लिया गया। गोरई पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि डूबी नौका का नाम लकी स्टाट है और उसमें 13 मछुआरे सवार थे। हादसे के वक्त इलाके में भारी बारिश हो रही थी।

उन्होंने बताया कि नजदीक मौजूद एक अन्य नौका पर सवार लोग पानी में छलांग लगा 13 में से 11 लोगों को बचाने में कामयाब हुए, लेकिन दो लोग अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक नौका का भी पता नहीं चला है। गोरई थाने के वरिष्ठ निरीक्षक संजय नारकर, बृह्नमुंबई महानगर पालिका का आपदा प्रबंधन विभाग, अग्निशमन दल के सदस्य और पुलिस कर्मी बचाव अभियान में लगे हुए हैं। नौका शनिवार को समुद्र में एक हफ्ते की तैयारी के साथ गई थी, लेकिन मंगलवार को हादसे के समय तट पर वापस लौट रही थी।

आदित्य ठाकरे ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे और बीएमसी आयुक्त इकबाल चहल ने मुंबई के उन क्षेत्रों का दौरा किया जो बारिश के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।

यह भी पढ़ें- मुंबई में अत्यधिक बारिश का पूर्वानुमान, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

मंगलवार और बुधवार को तेज बारिश होने की संभावना
शहर और उपनगरों में सोमवार को दिन में धूप के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहे, लेकिन कुछ इलाकों में रुक-रुक कर तेज बारिश के साथ शाम से हल्की से मध्यम बारिश होने लगी। आईएमडी के पश्चिमी क्षेत्र के उप महानिदेशक केएस होसलिकर ने कहा, 'मुंबई सहित कोंकण तट पर सक्रिय मानसून सोमवार शाम से शुरू हुआ और इसके गुरुवार तक जारी रहने की उम्मीद है। मंगलवार को बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव बनने के कारण मंगलवार और बुधवार को तीव्र बारिश की संभावना है।' 

अगले तीन घंटों भारी बारिश होने की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि अगले तीन घंटों के दौरान मुंबई के कई हिस्सों में बहुत तेज बारिश होने की संभावना है।

खतरे के निशान के ऊपर पहुंची मीठी नदी
बीएमसी आयुक्त ने कहा, '10 घंटे के अंदर 230 मिलीमीटर बारिश हुई। यह बाढ़ जैसी स्थिति है। भारी बारिश की वजह से सुबह मीठी नदी का जलस्तर बढ़ गया, जो खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गई है। अभी तक, यह खतरे के स्तर से नीचे है। लोगों को बाहर निकालने की प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया गया है।'

पश्चिमी लाइन हुई बंद
बृहन्मुंबई नगर निगम ने कहा, 'पश्चिमी लाइन पूरी तरह से बंद हो गई है और कुर्ला और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसमटी) के बीच बंदरगाह लाइन बंद हो गई है। वहीं केंद्रीय लाइन धीमी गति से चल रही है।' इसके अलावा मुंबई शहर और उपनगरों के विभिन्न हिस्सों में कम से कम आठ मार्गों पर बीईएसटी बस सेवाओं को डायवर्ट कर दिया गया है।

चार लाइनों पर रुका यातायात
मुंबई में भारी बारिश की वजह से सेंट्रल लाइन धीरे-धीरे चल रही है। हार्बर लाइन पर रेल यातायात कुर्ला-सीएसएमटी के बीच रुक गया है। वहीं बारिश के कारण चार लाइनों पर यातायात रुक गया है। इसके अलावा बीएमसी ने सभी कार्यालयों और अन्य प्रतिष्ठानों से भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी को आज बंद रखने की अपील की है।

ठाणे में भारी बारिश, करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में मंगलवार सुबह दुर्घटनावश एक बिजली के खंभे को छूने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। यहां रात से ही भारी बारिश जारी है। कसर्वदावली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति घोड़बंदर रोड के ओल्वा इलाके में एक मंदिर के पास खड़ा था, तभी दुर्घटनावश उसने बिजली के एक खंभे को छू लिया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। हादसा सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एक सरकारी अस्पताल भेजा गया है और मृतक की पहचाना की जा रही है।
विज्ञापन

वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर गिरा पहाड़ी का हिस्सा

भारी बारिश की वजह से सांताक्रुज, परेल, महालक्ष्मी, मीरा रोड, कोलाबा डूबे-डूबे नजर आ रहे हैं। इसी बीच वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर मकर में पहाड़ी का एक हिस्सा गिर गया। गनीमत यह रही कि इससे किसी को नुकसान नहीं हुआ।

बारिश का लोकल ट्रेनों पर पड़ा असर
मुंबई में लगातार हो रही बारिश से मुंबई के कांदिवली इलाके में जलभराव हो गया है। पटरियों पर पानी भरने से कुछ क्षेत्रों में लोकल ट्रेनों के संचालन पर ब्रेक लग गया है। परेल ईस्ट का बहुत बुरा हाल है। यहां कमर से ऊपर तक जलभराव हो गया है। पार्किंग में खड़ी गाड़ियां डूब गई हैं। सड़क पर पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए सफर करना मुश्किल हो गया है।

26 जुलाई, 2005 के बाद नहीं देखी ऐसी बारिश
मुंबई में रातभर बारिश हुई और कई इलाकों में लोग जलजमाव के कारण जाग गए। मुंबई निवासियों ने ट्विटर पर भारी बारिश की तस्वीरें और वीडियो साझा कीं। कुछ ने दावा किया कि उन्होंने 26 जुलाई, 2005 के बाद ऐसी बारिश नहीं देखी है। 2005 में हुई बारिश के कारण शहर में बाढ़ आ गई थी और लगभग एक हजार लोगों की मौत हो गई थी।

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने एक एडवाइजरी जारी की है जिसमें लोगों को घर के अंदर रहने के लिए कहा गया है। नगर निगम ने अस्थायी रूप से स्थापित 299 पंपिंग मशीनों पर फायर ब्रिगेड, पंपिंग स्टेशन और ऑपरेटिंग स्टाफ को अलर्ट पर रखा है। बारिश की वजह से मीठी नदी का जलस्तर बढ़ने पर अधिकारियों को लोगों को बाहर निकालने की स्थिति के लिए अलर्ट पर रखा गया है।

समुद्र तटों और निचले इलाकों में न जाएं लोग
बृहन्मुंबई नगर निगम ने कहा, 'लोगों को सलाह दी जाती है कि वे समुद्र तटों और अन्य निचले इलाकों के पास न जाएं क्योंकि मुंबई में आज दोपहर 12:47 मिनट पर 4.51 मीटर उच्च ज्वार (हाई टाइड) की उम्मीद है।' शहर में लगातार वर्षा के बाद मुंबई के विभिन्न हिस्सों में जलभराव हो गया है। नगर निगम के अनुसार, मुंबई शहर में पिछले 10 घंटों में 230 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें