महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और पड़ोसी जिले ठाणे सहित कोंकण महाराष्ट्र में बुधवार को भारी बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इस बात की जानकारी दी है। मानसून की दस्तक के बाद से ही मुंबई में लगातार बारिश हो रही है। विभाग ने कहा कि ऐसी ही स्थिति गुरुवार को भी बरकरार रहेगी।
मंगलवार को आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, पालघर और महाराष्ट्र के अन्य तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। विभाग ने कहा था कि इन इलाकों में बुधवार को भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी मुंबई के उप महानिदेशक के एस होसलीकर ने बुधवार को एक ट्वीट में कहा, बारिश के लिए आईएमडी जीएफएस का पूर्वानुमान है कि आज मुंबई, ठाणे सहित कोंकण क्षेत्र में बेहद भारी (200 मिमी से अधिक) बारिश की संभावना है।
यह भी पढ़ें: इस हफ्ते मध्य भारत और उत्तर-पश्चिम में मानसून के आने की संभावना- मौसम विभाग
उन्होंने कहा कि कल भी यही स्थिति बरकरार रहेगी, लेकिन आज के मुकाबले बारिश थोड़ी कम होगी। सैटेलाइट और रडार इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि इन क्षेत्रों में भारी बारिश होगी।
होसलीकर ने कहा कि 24 घंटे की अवधि के दौरान बुधवार को सुबह 8.30 बजे तक दहानु (पालघर में) और अलीबाग (रायगढ़) में ऑब्जर्वेटरी द्वारा क्रमशः 128 मिमी और 122.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
दक्षिण मुंबई में कोलाबा मौसम ब्यूरो ने 121.6 मिमी बारिश दर्ज की। वहीं, मुंबई उपनगर का प्रतिनिधित्व करने वाले सांताक्रूज मौसम केंद्र ने इसी अवधि के दौरान 96.6 मिमी वर्षा दर्ज की। रत्नागिरी ऑब्जर्वेटरी में इस अवधि के दौरान 101.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि जिले के हरनाय मौसम केंद्र में 89 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
विभाग ने बताया कि इसने ठाणे बेलापुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ब्यूरो ने 35.2 मिमी और पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में 16.8 मिमी वर्षा दर्ज की।