घटना सोमवार को तब सामने आई, जब रेलवे सुरक्षा बल के एक कांस्टेबल ने दादर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 11 पर एक व्यक्ति को एक ट्रॉली बैग के साथ देखा। शक होने पर बैग की तलाशी ली, तो उसके अंदर से शव मिला।
मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बैग के अंदर शव मिलने के बाद दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था। अब इस मामले से जुड़ा एक नया वीडियो सामने आया है। इसमें मूक एवं बधिर पीड़ित को एक शख्स कथित तौर पर मारता दिख रहा है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
विज्ञापन
घटना के दौरान किसी को किया गया था वीडियो कॉल
अधिकारियों ने बताया कि ऐसा संदेह है कि गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों में से किसी एक ने घटना के दौरान किसी को वीडियो कॉल किया था। उन्होंने बताया कि अदालत ने मंगलवार को दो आरोपियों जय प्रवीण चावड़ा और उसके साथी शिवजीत सुरेंद्र सिंह को 12 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
यह है मामला
बता दें, यह घटना सोमवार को तब सामने आई, जब रेलवे सुरक्षा बल के एक कांस्टेबल ने दादर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 11 पर एक व्यक्ति को एक ट्रॉली बैग के साथ देखा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) को कुछ शक हुआ और उसे हिरासत में लेकर बैग की तलाशी ली। जब बैग खोला तो उसके अंदर से शव मिला। पूछताछ करने पर पता चला कि हत्या पायधुनी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में हुई थी।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सांताक्रूज के कलीना निवासी अरशद अली सादिक अली शेख (30) के रूप में हुई है। पीड़ित और आरोपी के बीच महिला मित्र को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि शेख की हथौड़े से मारकर हत्या कर दी गई। सामने आए वीडियो में एक शख्स पीड़ित को मारता नजर आ रहा है।