म्यांमार में भारतीय दूतावास ने हाल ही में उस देश के म्यावाडी इलाके में फंसे 60 में से 30 से अधिक भारतीयों को बचाया है। थाईलैंड की सीमा से लगे दक्षिणपूर्वी म्यांमार के कायिन राज्य में म्यावाडी क्षेत्र पूरी तरह से म्यांमार सरकार के नियंत्रण में नहीं है। यहां के कुछ जातीय सशस्त्र समूह इलाके में हावी हैं।
थाईलैंड में नौकरी का ऑफर देकर म्यांमार में बंदी बनाए गए पीड़ितों में महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के भी कुछ लोग शामिल हैं। म्यांमार में फंसे लोगों में से एक ने मुंबई पुलिस से फोन करके संपर्क किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को इस बाबत जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि युवक की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता युवक ने बताया है कि वह और कई अन्य भारतीय रैकेट का शिकार होने के बाद वहां फंसे हुए हैं।
विज्ञापन
वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुलिस को शहर के तीन लोगों के बारे में सूचना मिली है, जो थाईलैंड में आईटी नौकरियों का वादा किए जाने के बाद म्यांमार पहुंचा दिए गए। उन्होंने कहा पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, उपनगरीय बांद्रा के रहने वाले शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसे और उसके दो दोस्तों को एक एजेंट ने थाईलैंड में आईटी क्षेत्र में नौकरी देने का वादा किया था। थाईलैंड पहुंचने के बाद उन्हें पड़ोसी म्यांमार ले जाया गया जहां उन्हें उनकी इच्छा के विरुद्ध रखा गया और साइबर अपराध से जुड़े काम करने के लिए मजबूर किया गया।
विज्ञापन
शिकायतकर्ता ने दावा किया कि मुंबई और पड़ोसी क्षेत्रों के 70 से अधिक लोग इसी तरह म्यांमार में फंसे हुए हैं। लेकिन पुलिस को अब तक मुंबई से (शिकायतकर्ता सहित) केवल तीन लोगों के बारे में सूचना मिली है, जिन्हें कथित तौर पर बंदी बनाया गया है।
इससे पहले दिन में, विदेश मंत्रालय (MEA) ने भारतीय युवाओं को ठगने वाले फर्जी प्रस्तावों के बारे एडवाइजरी जारी की है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सोशल मीडिया विज्ञापनों के माध्यम से और दुबई और भारत स्थित एजेंटों द्वारा थाईलैंड में नौकरियों के लुभावने ऑफर देकर आईटी सेक्टर से जुड़े भारतीय युवाओं को ठगा जा रहा है। भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या अन्य स्रोतों के माध्यम से जारी किए जा रहे ऐसे फर्जी नौकरी के प्रस्तावों में न फंसें। अपने बयान में विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को किसी भी नौकरी का ऑफर स्वीकार करने से पहले विदेश में संबंधित मिशन के माध्यम से विदेशी नियोक्ताओं की साख को सत्यापित करने की सलाह दी।
म्यांमार में भारतीय दूतावास ने हाल ही में उस देश के म्यावाडी इलाके में फंसे 60 में से 30 से अधिक भारतीयों को बचाया है। थाईलैंड की सीमा से लगे दक्षिणपूर्वी म्यांमार के कायिन राज्य में म्यावाडी क्षेत्र पूरी तरह से म्यांमार सरकार के नियंत्रण में नहीं है। यहां के कुछ जातीय सशस्त्र समूह इलाके में हावी हैं।