केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को मुंबई में एक कार्यक्रम में बोलते हुए महाराष्ट्र को दिल्ली से बेहतर बताया है। इस दौरान उन्होंने लोगों के व्यवहार पर भी बड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को वह 'बड़ा' समझते थे वो असल में बहुत छोटे निकले। गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता हमेशा अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा मे रहते हैं। हाल ही में उन्हें बीजेपी संसदीय बोर्ड से बाहर किया गया है।
यहां एक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने बताया कि जब उन्हें भाजपा का अध्यक्ष चुना गया था तब वह दिल्ली में रहते थे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली और मुंबई की तुलना करते हुए कहा कि ‘दिल्ली का ‘पानी’ अच्छा नहीं है।’ उन्होंने कहा कि मुंबई बेहतर है। इस दौरान उन्होंने अपने एक मित्र के साथ बातचीत का भी जिक्र किया।
इस दौरान भाजपा नेता ने अपने जीवन की एक बड़ी सीख भी साझा की। उन्होंने बताया कि मैंने अपने दोस्त को यह भी बताया कि जिन लोगों को मैं कद्दावर मानता था, जब मैं उनके करीब गया, तो मुझे एहसास हुआ कि वे उतने कद्दावर नहीं थे, जितना मैंने सोचा था। वे छोटे थे। और जिन्हें मैं छोटा समझता था... जब मैं उनके करीब गया तो पाया कि वे कद्दावर थे। यह मेरे जीवन का अनुभव रहा है।
बता दें कि शुक्रवार को नितिन गडकरी खिलौने की दुकान हैमलेज स्टोर पर अपने नाती के लिए खरीदारी करते दिखे थे। इस दौरान उन्होंने स्टोर के भीतर टहलते हुए लंबा समय बिताया और तरह-तरह के खिलौनों का जायजा लिया। स्टोर की मैनेजर उन्हें इस दौरान खिलौनों की खासियत बतातीं नजर आईं। हैमलेज एक ब्रिटिश टॉय ब्रांड है, जिसे भारत में मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस कंपनी चलाती है। हैमलेज अभी 15 से ज्यादा देशों में अपनी उपस्थिति रखती है और यह भारत में टॉय स्टोर्स की सबसे बड़ी चेन है।
गौरतलब है कि नितिन गडकरी साल 2009 से 2013 तक भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष थे। इससे पहले वह 1995 से 1999 तक महाराष्ट्र में शिवसेना-भाजपा सरकार में मंत्री थे। वह 2014 से नरेंद्र मोदी सरकार में वरिष्ठ मंत्री रहे हैं।