सार
महाराष्ट्र में आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने भी तैयारी तेज करते हुए अपने जिलाध्यक्षों से राय मांगी है कि पार्टी चुनाव अकेले लड़े या गठबंधन में। पार्टी प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि अगर गठबंधन होता है, तो बातचीत सिर्फ इंडिया गठबंधन के दलों से ही होगी।
मुंबई और महाराष्ट्र के कई शहरों में आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर राज्यभर की सियासत में बेजोड़ गर्माहट है। राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारी भी तेज कर दी है। इसी बीच कांग्रेस में भी इस चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। पार्टी ने राज्यभर में होने वाले नगर निगम चुनावों को लेकर अपने सभी जिला अध्यक्षों से राय मांगा है कि वे इस पर बताएं कि आने वाले चुनाव कांग्रेस को अकेले लड़ने चाहिए या गठबंधन में।
कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि अगर यह तय होता है कि चुनाव गठबंधन में लड़ना है, तो चर्चा सिर्फ ‘इंडिया गठबंधन’ के दलों के साथ ही की जाए। यानी शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट), एनसीपी (शरद पवार गुट) और अन्य सहयोगी दलों के साथ। इस दौरान सावंत ने इस बात पर भी जोर दिया कि मुंबई में कांग्रेस गठबंधन में लड़ेगी या अकेले, इस पर जल्द ही कांग्रेस का शिर्ष नेतृत्व फैसला लेगा।