मुंबई के मुलुंड में मेट्रो रेल की कंक्रीट का स्लैब गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग घायल हो गए। इस घटना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहन जांच का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जांच में सुरक्षा, निर्माण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों आदि पहलुओं को शामिल किया जाएगा और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल सुरक्षा ऑडिट शुरू हो
मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सभी ऐसे स्थलों पर तत्काल सुरक्षा ऑडिट शुरू किया जाएगा। पुलिस और नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि आज दोपहर मुंबई के मुलुंड इलाके में निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन 4 के गर्डर पुल की पटिया कुछ वाहनों पर गिर गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
यह भी पढ़ें - IndiGo Bomb Threat: असम से कोलकाता जा रहे विमान में लिपस्टिक से लिखी बम की धमकी, आपात लैंडिंग के बाद जांच शुरू
एमएमआरडीए ने घायलों का खर्च उठाने का एलान किया
मृतक की पहचान रामधन यादव के रूप में हुई है, जिन्हें अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित किया गया। घायलों में राजकुमार इंद्रजीत यादव गंभीर हालत में आईसीयू में हैं, जबकि महेंद्र प्रताप यादव और दीपा रुहिया की हालत स्थिर है। इधर, एमएमआरडीए ने घायलों का पूरा इलाज खर्च उठाने और प्रभावित परिवारों को नीति के अनुसार वित्तीय सहायता देने का एलान किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपए की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।