मुंबई के एक सरकारी अस्पताल को इन दिनों जांच का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है हल्दी कुमकुम परंपरा के लिए स्टाफ के 20 से ज्यादा सदस्यों ने अस्पताल की ओपीडी को डांस फ्लोर बना दिया। जहां वरिष्ठ कर्मचारियों से लेकर चतुर्थ श्रेणी तक की महिला कर्मचारियों ने घंटों जमकर डांस किया। कार्यक्रम के चलते स्टाफ के सदस्यों ने रोगियों से भी दूरी बना ली।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार वाक्या डेढ़ महीने पुराना है। मुंबई के चेंबुर के दीवालीबेन मेहता हॉस्पिटल जिसे मां अस्पताल भी कहा जाता है में रोजाना 800 के करीब मरीज देखे जाते हैं। लेकिन बीते दो मार्च को यहां आधे के करीब मरीजों का उपचार किया गया है, क्योंकि कुछ देर बाद ही यह जगह पार्टी स्थल के रूप में तब्दील हो गई।
बीएमसी के स्वास्थ्य विभाग को एक वीडियो के साथ भेजी गई गुमनाम शिकायत में बताया गया है कि किस तरह हल्दी कुमकुम की रस्म के लिए अस्पताल की ओपीडी को डांस फ्लोर में तब्दील कर दिया गया। इस आयोजन में कर्मचारियों के बच्चों ने भी शिरकत की।
इसमें आरोप लगाया गया है कि आयोजन की तैयारी के लिए ओपीडी के फर्स्ट फ्लोर का इस्तेमाल किया गया। सुबह दस बजे ही अस्पताल के स्टाफ सदस्य स्पीकर और साज सज्जा का सामान लेकर ओपीडी में पहुंच गए। दोपहर होते होते ओपीडी एक डांस फ्लोर में बदल गया।