सौरव गांगुली के धोनी को कप्तानी से हटाने की बात कहने के बाद गावस्कर ने विराट कोहली को तीनों फॉरमेट का कप्तान बनाने का विरोध किया है।
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान गांगुली ने कहा था कि उन्हें हैरानी होगी कि अगर सीमित ओवरों में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 2019 में होने वाले 50-50 ओवरों के अगले विश्व कप में भी भारतीय टीम की कप्तानी करते हैं।
लेकिन महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने विराट कोहली को क्रिकेट के तीनों फॉरमेट के लिए टीम इंडिया का कप्तान बनाए जाने का विरोध किया है। कोहली इस समय तीनों फॉरमेट में लाजवाब बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि धोनी का बल्ला अपनी पुरानी छवि के अनुरूप नहीं चल रहा है। धोनी कप्तानी में भी इस समय कुछ खास नहीं कर पा रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय मैचों में धोनी की कप्तानी नाकाम रही है साथ ही आईपीएल में इस बार उनकी टीम (राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस) 11 मैचों में 8 हार के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
पूर्व कप्तान और कमेंट्रेटर सुनील गावस्कर के अनुसार, इस समय भारतीय क्रिकेट के बेस्ट बल्लेबाज कोहली को तीनों फॉरमेट का कप्तान बनाकर उन पर अतिरिक्त दबाव नहीं डाला जाना चाहिए। 2015-16 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोहली का औसत 95.57 रहा, जबकि आईपीएल में वह 9 मैचों में 2 शतकों के साथ 561 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं।
टीम इंडिया की 'रन मशीन' बन चुके कोहली ने आईपीएल में कई रिकॉर्ड तोड़े हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को ध्वस्त करते हुए लीग के 3 सत्र में 500 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान बन गए हैं।
उनके शानदार फॉर्म को देखते हुए गावस्कर ने कहा, "कोहली इस समय लगातार बेहतर करते जा रहे हैं। वह शायद इस समय निरंतरता के आधार पर दुनिया से बेस्ट बल्लेबाज हैं। उनकी मानसिक ऊर्जा और रन बनाने की दृढ़ता गजब की है। उनका मैदान पर बर्ताव भी शानदार रहा है। बतौर टेस्ट कप्तान भी उन्होंने अच्छा कर दिखाया है।" हालांकि वह मानते हैं कि उन्हें अभी और समय दिया जाना चाहिए।
उन्होंने एनडीटीवी से कहा, "विराट को तीनों फॉरमेट्स की कमान नहीं सौंपी जानी चाहिए। उन्हें अपनी भूमिका खुद तैयार करने का मौका देते हैं.... 2019 का वर्ल्ड कप अभी बहुत दूर है।"
कोहली की अगुवाई में आरसीबी की टीम इस समय 9 मैचों में 8 अंकों के साथ छठे नंबर पर है और उसे प्लेऑफ में जाने के लिए अपने शेष मैच जीतने ही होंगे।