बीएमसी चुनाव में गैंगस्टर-नेता अरुण गवली की दोनों बेटियां गीता और योगिता ने जोरदार एंट्री की है। दोनों ने भायखला वार्ड से नामांकन दाखिल किया। एक ओर योगिता ने जहां 207 वार्ड में अपनी दावेदारी ठोकी है। वहीं दूसरी ओर गीता ने 212 वार्ड से चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
मुंबई में अगले साल 15 जनवरी से होने वाले बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव को लेकर सियासी गर्माहट तेज है। राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारियां भी तेज कर दी है। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि चुनाव से पहले गवली परिवार ने जोरदार एंट्री की है। गैंगस्टर से नेता बने अरुण गवली की बेटियां गीता और योगिता गवली ने भायखला वार्ड से नामांकन दाखिल किया। गीता गवली वार्ड 212 और योगिता वार्ड 207 से चुनाव लड़ रही हैं।
नामांकन दाखिल करने के बाद योगिता गवली ने कहा कि उनके वार्ड के लोगों की साफ पानी, ड्रेनेज और कचरा प्रबंधन जैसी बुनियादी जरूरतें उनकी प्राथमिकता हैं। इसके अलावा वह शिक्षा, सुरक्षा और महिलाओं के रोजगार के मुद्दों पर भी काम करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि लोगों का भरोसा फिर से लौटता दिख रहा है। हमें ऐसा काम करना है जिससे हम उनकी उम्मीदों पर खरे उतरें।
निवासियों के पुनर्विकास पर है गीता का फोकस
दूसरी ओर गीता गवली ने कहा कि उनका मुख्य फोकस वार्ड के निवासियों के पुनर्विकास और अधूरी परियोजनाओं को पूरा करना है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन साल में चुनाव नहीं होने और फंड की कमी के कारण कई काम रुके हुए थे। उन्होंने कहा कि अधूरी योजनाओं को अगले पांच साल में पूरा करना हमारी प्राथमिकता होगी। सड़कों और भवनों के पुनर्विकास के कामों में अब हम फंड का सही इस्तेमाल करेंगे।
ये भी पढ़ें:- Railways: कोहरे की मार के बीच रेलवे अलर्ट मोड में, ट्रेनों की लाइव मॉनिटरिंग शुरू; इन ट्रेनों पर है खास नजर
कैसा है सियासी गठबंधनों का हाल?
वहीं अब बात अगर इस बीएमसी चुनाव में सियासी गठबंधन की करें तो महायुति ने सीट शेयरिंग तय की है। भाजपा 137 सीटों पर और शिवसेना 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) 62 सीटों पर चुनावी मैदान में है। एनसीपी ने भी सात वार्डों के उम्मीदवारों की सूची जारी की है और दूसरे चरण में 27 और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई। गौरतलब है कि मुंबई के 227 वार्डों के लिए मतदान 15 जनवरी को होगा और मतगणना 16 जनवरी को होना है।