मुंबई और निकटवर्ती इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए और रेल और विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। भारी बारिश के कारण रेल पटरियों के पानी में डूबने से ‘महालक्ष्मी एक्सप्रेस’ करीब 1050 यात्रियों के साथ ठाणे जिले में बदलापुर के पास फंस गई, जिसके बाद अधिकारियों ने विभिन्न राहत एजेंसियों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया और करीब 15 घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला जा सका। पीटीआई के मुताबिक, मध्य रेलवे ने बताया कि महालक्ष्मी एक्सप्रेस में फंसे सभी 1050 यात्रियों को बचा लिया गया।
लगभग 11-12 घंटे से महालक्ष्मी एक्सप्रेस में फंसे यात्रियों के बचाने के लिए नौसेना के 8 टीमों को लगाया गया, जिसमें 3 गोताखोरों की टीम भी शामिल थी। टीमों को बचाव सामग्री, नौकाओं और जीवन रक्षक जैकेट के साथ रवाना किया। इससे पहले हालात का जायजा लेने के लिए एक हेलिकॉप्टर के साथ नेवी के गोताखोरों की टीम को मौके पर भेजा गया था। बता दें कि ट्रेन मुंबई से लगभग 55 किलोमिटर की दूरी पर बदलापुर और वानगनी के बीच फंसी थी।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया था कि वहां से निकाले गए 500 यात्रियों में नौ गर्भवती महिलाएं हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, एनडीआरएफ ने अब तक नौ गर्भवती महिलाओं समेत 500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। आपात स्थिति के लिए प्रसूति रोग विशेषज्ञ समेत 37 चिकित्सकों को एंबुलेंस के साथ तैनात किया गया। सहयाद्री मंगल कार्यालय में खाने-पीने जैसे जरूरी इंतजाम किए गए। आगे जाने के लिये 14 बस और तीन टैंपो की व्यवस्था की गई है।
मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने मुंबई में अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। भारी बारिश के कारण मौसम विभाग ने कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान 150-180 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने भारी बारिश की आशंका के चलते लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है। क्योंकि ऐसी परिस्थिति में पुराने ढांचों या मकान की दीवार ढहने का खतरा रहता है।
महाराष्ट्र में भारी बारिश की वजह से यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। मध्य रेलवे के मुताबिक अब तक 13 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया, 6 को रोका गया है और 2 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। उल्हास नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण अंबरनाथ में जल जमाव हो गया है।
मुंबई में भारी बारिश की वजह से शनिवार को 11 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है साथ ही आने वाले नौ विमानों को पास के हवाई अड्डों पर डायवर्ट कर दिया गया है। रद्द हुई उड़ानों में 7 विमान मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले थे, जबकि 4 विमान यहां उतरने वाले थे। रद्द हुई 7 उड़ानों में 5 इंडिगो और एक-एक एयर इंडिया और अमिरात की हैं। इसके अलावां इंडिगो ने मुंबई के लिए अपनी तीन अन्य उड़ानों को भी रद्द किया है।