महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी सरकार के मंत्रियों ने सरकारी बंगलों की सजावट पर करोड़ों रुपए खर्च किए। अब सरकार ने मंत्रियों के लिए दक्षिण मुंबई के मलबार हिल स्थित 105 साल पुराने बंगले पुरातन को गिराकर उसकी जगह 18 मंजिला आलीशान टॉवर बनाने का फैसला लिया है। सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया।
पुराने बंगले को गिराकर 10337.80 क्षेत्रफल मीटर में निर्माण कार्य होगा। हर मंजिल पर 574 वर्गमीटर में एक मंत्री का आवास होगा। इसमें रहने के कमरे, चार शयनकक्ष, रसोइघर, दफ्तर, अतिथि प्रांगण, बैठक, दो कर्मचारी कक्ष और संग्रहण स्थान के अलावा अन्य सुविधाएं मिलेंगी। वहां आगंतुकों के लिए अलग लॉबी और लिफ्ट लगी होगी। मंत्रियों और उनके परिवार के सदस्यों के अलावा मेहमानों और आगंतुकों के आने-जाने के लिए भी अलग से व्यवस्था की जाएगी। इस बंगले की जगह पर 18 मंजिला टॉवर बनाया जाएगा।