केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर, कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी और खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल से मुलाकात की। हालांकि बैठक में हुई बातचीत का फिलहाल ब्योरा नहीं मिला। एक अधिकारी के मुताबिक गृह मंत्री ने अपने नॉर्थ ब्लॉक स्थित कार्यालय में तीनों मंत्रिमंडलीय सहयोगियों से मुलाकात की।
अमित शाह ने मालदीव के गृह मंत्री से मुलाकात की
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को मालदीव के गृह मंत्री शेख इमरान अब्दुल्ला से विस्तृत बातचीत की जिसमें उन्होंने दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। अब्दुल्ला गुरूवार से चार दिन की भारत यात्रा पर हैं।
शाह ने बैठक के बाद ट्वीट किया, मालदीव गणराज्य के गृह मंत्री शेख इमरान अब्दुल्ला से मुलाकात की। भारत और मालदीव के बीच संबंधों को और गहरा करने तथा मजबूत करने के तरीकों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
समझा जाता है कि दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
भारत और मालदीव पुरातन काल से जातीय, भाषाई, सांस्कृतिक, धार्मिक और वाणिज्यिक संबंध साझा करते हैं। केवल फरवरी 2012 से नवंबर 2018 के बीच की अवधि को छोड़कर दोनों देशों के बीच संबंध करीबी, सौहार्दपूर्ण तथा बहुआयामी रहे हैं।