यूपी के मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए रात-दिन एक किए हैं। वहीं उनके पिता और पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी मान गए हैं। लेकिन मुलायम सिंह यादव के करीबी नेताओं पर अभी भी गाज गिर रही है। अब ऐसी खबर आ रही है कि राज्यसभा में मुलायम के करीबी 3 सांसद पीछे के सीटों पर बैठेंगे।
ये तीनों सांसद मुलायम सिंह यादव के करीबी माने जाते हैं। इन सांसदों का नाम है- अमर सिंह, बेनी प्रसाद वर्मा और सुखराम सिंह यादव। सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव के समर्थक सांसद और राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल ने राज्यसभा के अध्यक्ष को चिट्टी लिखी है, जिसमें इन तीनों सांसदों को पीछे की सीटें आवंटित करने की गुजारिश की है।
सूत्रों की माने तो राज्यसभा अध्यक्ष ने नरेश अग्रवाल की गुजारिश मान ली है। अगर ऐसा हुआ तो अमर सिंह, बेनी प्रसाद वर्मा और सुखराम सिंह यादव राज्यसभा में पीछे के सीटों पर बैठेंगे।
गौरतलब है कि रामगोपाल यादव को समाजवादी पार्टी से 6 साल के लिए निकाले जाने के बाद भी नोटबंदी के मुद्दे पर जब चर्चा हुई, तो समाजवादी पार्टी को दिए गए वक्त पर रामगोपाल यादव ही बोले। राज्यसभा टीवी की तरफ से उनको सपा का नेता ही लिखा गया था।
रामगोपाल की सलाह पर ही मुलायम ने 2012 में अखिलेश को सीएम बनाया था। रामगोपाल ही अमर सिंह की सपा से विदाई की वजह बने थे। रामगोपाल सपा को अखिलेश को सौंपने और अमर-शिवपाल को किनारे करने की खूब वकालत की और यही हुआ।