महाराष्ट्र में परिवहन मंत्री के निर्देश पर एक बस ड्राइवर को बर्खास्त कर दिया गया है। बता दें कि, बस ड्राइवर के बस चलाते समय मोबाइल फोन पर क्रिकेट मैच देखने का वीडियो एक यात्री की तरफ से सोशल मीडिया पर मंत्री और सीएम को टैग करते हुए पोस्ट किया गया था। इसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) ने रविवार को एक बस ड्राइवर को बर्खास्त कर दिया, जो गाड़ी चलाते समय कथित तौर पर अपने मोबाइल फोन पर क्रिकेट मैच देख रहा था। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि परिवहन प्राधिकरण ने राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के निर्देश पर कार्रवाई की, जब एक यात्री ने उन्हें ड्राइवर के मैच देखने का वीडियो भेजा था।
विज्ञापन
मुंबई-पुणे मार्ग पर ई-शिवनेरी बस की घटना
अधिकारियों के मुताबिक यह घटना 22 मार्च को मुंबई-पुणे मार्ग पर ई-शिवनेरी बस में हुई। इस दौरान बस में सवार एक यात्री ने ड्राइवर का वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें वह गाड़ी चलाते समय अपने मोबाइल फोन पर क्रिकेट मैच देख रहा था। इसके बाद यात्री ने वीडियो क्लिप को सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया, जिसमें मंत्रियों और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को टैग किया था। वहीं इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए मंत्री ने तुरंत एमएसआरटीसी के वरिष्ठ अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिम्मेदार निजी कंपनी पर 5,000 रुपये का लगा जुर्माना
परिवहन मंत्री की तरफ से निर्देश मिलने के बाद स्थानीय अधिकारियों ने एक निजी बस ऑपरेटर की तरफ से नियोजित ड्राइवर को यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में बर्खास्त कर दिया और सेवा के लिए जिम्मेदार निजी कंपनी पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं मामले में मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा, 'ई-शिवनेरी मुंबई-पुणे मार्ग पर एक प्रमुख सेवा है। इस बस से कई लोग यात्रा करते हैं। यह सेवा दुर्घटना-मुक्त होने के लिए जानी जाती है। ऐसे ड्राइवरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना आवश्यक है जो लापरवाही से वाहन चलाते हैं और यात्रियों को खतरे में डालते हैं।'
गाड़ी चलाते समय मोबाइल चलाने के खिलाफ बनेगा नया नियम
इसके साथ ही मंत्री ने अनुशासित ड्राइविंग सुनिश्चित करने के लिए एमएसआरटीसी के तहत संचालित निजी कंपनियों की तरफ से नियोजित ड्राइवरों के नियमित प्रशिक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। मंत्री ने कहा, 'ऐसी शिकायतें मिली हैं कि ऑटो-रिक्शा और टैक्सियों के ड्राइवर भी गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन पर मैच या फिल्में देखते हैं, अक्सर ईयरफोन लगाकर। परिवहन विभाग जल्द ही ऐसी प्रथाओं के खिलाफ नए नियम लागू करेगा।'