प्रज्ञा सिंह ठाकुर (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
कोरोना संकट के मद्देनजर लोकसभा सचिवालय इस साल अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस (21 जून) के अवसर पर वर्चु्अल योगा सेशन आयोजित करने जा रहा है। इस कार्यक्रम को चार सत्र में बांटा गया है। इन्हीं चार में से एक सत्र को भोपाल से भाजपा की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर मेजबानी करेंगी। प्रज्ञा ठाकुर जिस सत्र की मेजबानी करेंगी उसका नाम "योगा अ वे ऑफ लाइफ" रखा गया है। इस सत्र को दोपहर 12 से लेकर दो बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर सांसदों को योग के महत्व के बारे में समझाएंगी।
वहीं इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने निशाना साधा है। कांग्रेस पार्टी के सांसद मनिक्कम टैगोर ने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री मोदी ने प्रज्ञा ठाकुर को मन से माफ कर दिया गया है। कांग्रेस नेता ने पूछा कि क्या पीएम मोदी ने प्रज्ञा ठाकुर के मुद्दे पर अपना विचार बदल दिया है क्योंकि 'योग दिवस' पीएम मोदी का प्रिय विषय है और उस दिन प्रज्ञा ठाकुर सभी सांसदों के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगी। क्या प्रज्ञा अब मन से माफ हो गई हैं।
बता दें कि मई 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान ठाकुर ने यह बयान देकर एक बड़ा विवाद पैदा कर दिया था कि महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे एक देशभक्त थे। लेकिन बाद में इसके लिए उन्होंने माफी मांगी थी और बयान वापस ले लिया था।
उनकी विवादास्पद टिप्पणी के बाद उन्हें रक्षा मामलों की 21 सदस्यीय संसदीय परामर्शदात्री समिति से निष्कासित कर दिया गया था और भाजपा के संसदीय दल की बैठकों में शामिल होने से भी रोक दिया गया था। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस बयान की निंदा करते हुए कहा था कि वह प्रज्ञा ठाकुर को दिल से माफ नहीं कर सकते।