लोकसभा में राहुल गांधी (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
लोकसभा में बुधवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पेश धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर चर्चा की शुरुआत होगी। विपक्ष की ओर से सबसे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बोलेंगे। वे बहुचर्चित पेगासस मामला उठा सकते हैं। इस पर हंगामे के आसार हैं।
धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए लोकसभा में विपक्ष को 12 घंटे का वक्त दिया गया है। इसमें कांग्रेस को एक घंटे का वक्त मिला है। राहुल गांधी विपक्षी दलों की ओर से बहस की शुरुआत करेंगे। वे राष्ट्रपति के अभिभाषण, बजट और इस्राइल की कंपनी से पेगासस स्पाईवेयर खरीदी मामले को उठा सकते हैं। इसे लेकर सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच तकरार तय है।
'जीरो सम बजट' : राहुल
मंगलवार को जब पत्रकारों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से बजट पर प्रतिक्रिया पूछी तो उन्होंने कहा कि वह इस पर सदन में ही अपनी बात रखेंगे। हालांकि इसके पहले उन्होंने ट्विटर पर बजट को 'जीरो-सम बजट' ठहरा दिया था। उन्होंने ट्वीट किया, 'M0di G0 सरकार का Zer0 सम बजट! वेतनभोगी वर्ग-मध्यम वर्ग-गरीब और वंचित-युवा-किसान-MSMEs के लिए कुछ भी नहीं।'
युवा कांग्रेस करेगी संसद के बाहर प्रदर्शन
लोकसभा में जहां राहुल गांधी अपनी बात रखेंगे वहीं, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता संसद के बाहर प्रदर्शन करेंगे, ताकि मीडिया व जनता का ध्यान आकर्षित किया जा सके। कांग्रेस ने अपने युवा नेताओं को इसके लिए तैनात किया है।
पीएम मोदी सोमवार को दे सकते हैं जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब लोकसभा में सोमवार को और राज्यसभा में मंगलवार को दे सकते हैं। बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया था। मंगलवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा वित्त वर्ष 2022-23 का आम बजट पेश करने के बाद कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।