जेएनयू के लापता छात्र नजीब अहमद की मां ने सीबीआई की रिपोर्ट को स्वीकार करने से बृहस्पतिवार को इंकार कर दिया। उन्होंने क्लोजर रिपोर्ट के खिलाफ विरोध याचिका दायर करने की इच्छा जाहिर की है। सीबीआई ने 15 अक्तूबर को इस मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी। अदालत ने सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर फातिमा नफीस को अपना पक्ष रखने के लिए कहा था।
पटियाला हाउस अदालत के सीएमएम दीपक सेहरावत के समक्ष फातिमा नफीस ने कहा कि सीबीआई ने नजीब को तलाश करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए। एजेंसी की क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार करने योग्य नहीं है। इसलिए वह इसके खिलाफ 11 फरवरी को विरोध याचिका दायर करेंगी।
गौरतलब है कि अदालत ने सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर फातिमा नफीस को अपना पक्ष रखने के लिए कहा था। इस पर फातिमा नफीस ने विरोध याचिका दायर करने की बात कही है। गौरतलब है कि जेएनयू में एमएससी का छात्र नजीब 15 अक्तूबर 2016 से लापता है। सीबीआई भी उसे खोजने में नाकाम रही है।