महाराष्ट्र के पूर्वी मुंबई के मानखुर्द से ममता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़की ने अपनी मां पर देह व्यापार के लिए मजबूर करने और पैसे लेकर बुजुर्ग को बेचने का आरोप लगाया है। केवल इतना ही नहीं पीड़िता ने दावा किया है कि विरोध करने पर उसे भाई ने हवस का शिकार बनाया। पुलिस ने आरोपी मां-बेटे सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि 16 साल की पीड़िता की मां ने पिछले साल एक युवक के साथ नाबालिग बेटी की शादी करवा दी थी। उसका पति जबरदस्ती संबंध बनाने के लिए उसके साथ मारपीट करता था। जिससे तंग आकर पीड़िता कुछ दिन पहले ही मां के पास मुंबई आई थी। यहां आकर भी उसकी प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा। आरोप है कि भाई ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी को रविवार को विशेष अदालत में पेश किया गया। जहां से अदालत ने उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। इसकी भी जांच की जा रही है कि कहीं उसके परिजन सेक्स रैकेट का हिस्सा तो नहीं हैं। सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।