देशभर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर धूम मची हुई है। हर कोई देशभक्ति के रंग में डूबा हुआ है। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत अपने एक सेल्फी तिरंगा के साथ लेनी होती है और सोशल मीडिया पर अपलोड करनी होती है। वहीं, सरकार की तरफ से एक पोर्टल लॉन्च किया गया है जिसमें आप तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर सकते हैं। इस पोर्टल पर अब तक नौ करोड़ से ज्यादा सेल्फी अपलोड की जा चुकी हैं और सिलसिला अभी जारी हैं।
इतना ही नहीं जब जब आप इस पोर्टल पर अपनी सेल्फी अपलोड करते हैं इसमें एक सर्टिफिकेट भी जारी होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से आह्वान किया था कि देश के 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सभी देशवासी अपने घर को तिरंगे से सजाएं और अपने सोशल मीडिया डीपी में भी तिरंगे की तस्वीर लगाएं और hargarhtiranga.com वेबसाइट पर तिरंगे के साथ फोटो अपलोड करें।
13 अगस्त 2023 से 15 अगस्त 2023 के बीच hargarhtiranga.com वेबसाइट पर भारतीय झंडे के साथ सेल्फी अपलोड करने वाले नागरिकों को प्रमाण पत्र प्राप्त होगा। जब हर घर तिरंगा वेबसाइट पर जाएंगे तो होम पेज झंडे के साथ एक सेल्फी अपलोड करने का विकल्प दिखाता है और जिसमें नीचे दिखाया गया है कि अब तक 90254871 सेल्फी अपलोड की गईं हैं। वेबसाइट के मुताबिक आज सेल्फी अपलोड करने का आखिरी दिन है।
हर घर तिरंगा वेबसाइट के होम पेज पर झंडे और डिजिटल तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करने के दो विकल्प हैं। नीचे स्क्रॉल करने पर, उपयोगकर्ता को भारतीय ध्वज के साथ केंद्रीय मंत्रियों, अभिनेताओं और खिलाड़ियों की तस्वीरें दिखाई देंगी जिनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व क्रिकेटर पार्थिव पटेल, अभिनेता अनुपम खेर और गायक कैलाश खेर सहित अन्य शामिल हैं।
इस अभियान को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी ने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स की डिस्प्ले पिक्चर को भी राष्ट्रीय ध्वज में बदल दिया। देश भर में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया और प्रधानमंत्री ने मंगलवार सुबह विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों, मंत्रियों और स्कूली बच्चों सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।