रोजगार उत्पन्न करने में नाकाम रहने के केंद्र सरकार पर लग रहे आरोपों के बीच ईपीएफओ के हालिया पेरोल डाटा के मुताबिक, इस साल फरवरी में औपचारिक सेक्टर में करीब 8.61 लाख नौकरियों का सृजन हुआ, जबकि इसी अवधि में पिछले साल यह आंकड़ा 2.87 लाख ही था।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने अप्रैल 2018 से पेरोल डाटा जारी करना शुरू किया। इसमें सितंबर 2017 के बाद तक की अवधि को भी कवर किया गया है। सितंबर 2017 से फरवरी 2019 के बीच 18 महीने के दौरान करीब 80.86 लाख नई नौकरियां उत्पन्न हुईं।
डाटा के अनुसार, जनवरी 2019 में 8.94 लाख नई नौकरियों का सृजन हुआ। फरवरी 2019 में सबसे अधिक 2.36 लाख नौकरियां 22-25 साल की उम्र ग्रुप में उत्पन्न हुई। इसके बाद 2.09 लाख नौकरियां 18-21 आयु वर्ग में पैदा हुईं।