अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारत सरकार ने टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत की। शुरुआत के साथ ही पहले ही दिन देश में रिकॉर्ड टीकाकरण देखने को मिला। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोविड टीकाकरण के लिए संशोधित दिशानिर्देश लागू किए जाने के पहले दिन कोविड रोधी टीकों की 69 लाख से अधिक खुराकें लगाई गईं।
दुनिया आज सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। इसी के साथ ही भारत में टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत हुई। शुरुआत के साथ ही आज एक दिन में कोरोना टीकाकरण के मामले में नया रिकॉर्ड भी बना। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में सोमवार को अभी तक 69 लाख से ज्यादा टीके लगाए जा चुके हैं।
विज्ञापन
वहीं, राज्यों में टीकाकरण की बात करें तो मध्यप्रदेश सबसे ऊपर है। राज्य में अब तक आठ लाख से अधिक लोगों को कोरोना टीका लगाया जा चुका है। दूसरे स्थान पर कर्नाटक है जहां करीब छह लाख टीके लगाए गए हैं। वहीं, तीसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश है। यहां आज चार लाख से अधिक लोगों को कोरोना रोधी टीके की खुराक लगाई गई है।
केंद्र सरकार ने संभाल ली है टीकाकरण की कमान
टीकाकरण की रफ्तार बढ़ने के पीछे प्रधानमंत्री के उस फैसले को भी बड़ी वजह बताया जा रहा है जिसके तहत उन्होंने एलान किया था कि 21 जून से वैक्सीन लगाने की पूरी जिम्मेदारी केंद्र की होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात जून को कहा था कि 21 जून से 18 वर्ष से ऊपर की उम्र के सभी नागरिकों के लिए केंद्र सरकार राज्यों को मुफ्त टीका देगी
विज्ञापन
इतने में तो हो जाएगा कई देशों का पूरा टीकाकरण
भारत में सोमवार को जिस रफ्तार से टीकाकरण हुआ है वह एक-दो नहीं बल्कि कई देशों का टीकाकरण करने के लिए पर्याप्त है। भारत ने आज जितने टीके लगाए उतने में आधे स्वीडन या एक न्यूजीलैंड या दो नामीबिया या चार मॉरीशस या 10 मालदीवया 25 समोआ या 50 सेशेल्स या सौ सेंट किट्स का टीकाकरण किया जा सकता है।
मध्यप्रदेश: 10 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य
मध्यप्रदेश में कोविड-19 टीकाकरण का महाअभियान सोमवार 21 जून से शुरू हो रहा है और सरकार ने पहले दिन 10 लाख लोगों को टीका लगाने के लक्ष्य रखा है। इसके लिए प्रदेश में सात हजार टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने रविवार को बताया था कि इसके लिए टीके की 19 लाख खुराकें उपलब्ध हैं।