संचार साथी पोर्टल का उपयोग देशभर में 15.5 करोड़ नागरिकों की ओर से किया गया है, जो डिजिटल सुरक्षा पहल में एक प्रमुख मील का पत्थर है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि व्यक्तिगत सीमा से अधिक उपयोग करने के कारण कुल 1.75 करोड़ फोन नंबर रद्द कर दिए गए हैं।
देशभर में धोखाधड़ी रोकने के लिए फर्जी कॉल्स की संख्या में 97 प्रतिशत की कमी आई है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को मीडिया बातचीत में यह खुलासा किया। उन्होंने बताया कि धोखाधड़ी रोकने के लिए सरकार की ओर से किए गए उपायों के कारण फर्जी कॉल्स की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है। पहले प्रतिदिन 1.35 करोड़ फर्जी कॉल्स आते थे, लेकिन अब इन कॉल्स की संख्या कम होकर प्रतिदिन मात्र 3 लाख रह गई है। सिंधिया ने बताया कि धोखाधड़ी की गतिविधियों के संदेह में 5.1 लाख मोबाइल हैंडसेट ब्लॉक कर दिए हैं और 24.46 लाख व्हाट्सएप अकाउंट बंद कर दिए हैं।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि संचार साथी पोर्टल का उपयोग देशभर में 15.5 करोड़ नागरिकों की ओर से किया गया है, जो डिजिटल सुरक्षा पहल में एक प्रमुख मील का पत्थर है। उन्होंने आगे कहा कि बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी वाले मैसेजिंग अभियानों को रोकने के लिए 20,000 बल्क एसएमएस भेजने वालों को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। व्यक्तिगत सीमा से अधिक उपयोग करने के कारण कुल 1.75 करोड़ फोन नंबर रद्द कर दिए गए हैं, जबकि एआई-पावर्ड एएसटीआर (टेलीकॉम सिम सब्सक्राइबर सत्यापन के लिए एआई और चेहरे की पहचान संचालित समाधान) प्रणाली का उपयोग करके अतिरिक्त 82 लाख मोबाइल कनेक्शन काट दिए गए हैं।
5.07 लाख गुम हुए मोबाइल उनके मालिकों को लौटाया गया
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) सुविधा ने 35 लाख से ज्यादा खोए या चोरी हुए मोबाइल उपकरणों को सुरक्षित किया है। इनमें से 21.35 लाख उपकरणों का पता लगा लिया गया है और 5.07 लाख उपकरणों को सफलतापूर्वक बरामद कर उनके मालिकों को लौटा दिया गया है। संचार मंत्रालय की बैठक में शामिल हुई तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो में निदेशक शिखा गोयल ने बताया कि तेलंगाना पुलिस ने 2023 में सीईआईआर को अपनाया था, जिससे नागरिकों के खोए मोबाइल को खोजने में मदद मिली। तेलंगाना पुलिस ने इसकी मदद से 28,000 मोबाइल फोन रिकवर करके नागरिकों को वापस किए हैं।