बिहार में अब तक 22 फीसदी कम बारिश हुई है, जबकि झारखंड में भी सामान्य से 24 फीसदी बारिश दर्ज की गई है। 26 जुलाई तक के आंकड़ों की मानें तो बिहार में सामान्य से 48 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई थी। यहां 38 में से 26 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। इनमें वैशाली और सहरसा प्रमुख हैं। वैशाली में सामान्य से 65 फीसदी और सहरसा में सामान्य से 62 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
वहीं, झारखंड में भी 24 में से 15 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। कुंती जिले में सबसे कम बारिश हुई है। यहां सामान्य से 64 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
अगस्त में 88 फीसदी कम बारिश का अनुमान
मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, अगस्त महीने में 88 फीसदी बारिश हो सकती है। इनमें कम बारिश की संभावना 70 फीसदी है, 20 फीसदी उम्मीद सामान्य से कम बारिश की है, जबकि सामान्य बारिश की उम्मीद महज 10 फीसदी ही है। वहीं, सितंबर में 93 फीसदी बारिश होने की उम्मीद जताई गई है। इनमें 60 फीसदी उम्मीद सामान्य से कम बारिश की है, जबकि 20 फीसदी सामान्य बारिश का अनुमान है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह आसमान में हल्के बादल छाये रहे और न्यूनतम तापमान औसत से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह साढ़े आठ बजे 70 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। मौसम विज्ञानियों ने दिन भर आसमान में हल्के बादल छाये रहने का अनुमान जाहिर किया है लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘हल्के बादल छाये रहेंगे और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।’’ कल का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।