देश के कई राज्यों में मानसून की स्थिति कमजोर रही है। लेकिन एक बार फिर से मानसून एक्टिव होने के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं। उत्तर भारत के कुछ राज्यों में सूखे की स्थिति है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड, ओडिशा, बिहार, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले तीन से चार दिन हल्की से मध्यम, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सितंबर के अंत तक मानसून के देश से विदा होने की संभावना भी जताई जा रही है।
पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में उत्तराखंड में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने के आसार हैं। पहाड़ी राज्य में 15 और 16 सितंबर को भी कुछ हिस्सों में बारिश की आशंका जताई गई है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में कुछ हिस्सों में इसका असर देखने को मिल सकता है। राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अभी बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। अगले 72 घंटों यानी तक कोटा और उदयपुर संभाग के अधिकतर स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, मानसून की ट्रफ अब नलिया, अहमदाबाद, अकोला, रामागुंडम, दक्षिण ओडिशा के ऊपर बने हुए डिप्रेशन के केंद्र और फिर पूर्व दक्षिण पूर्व की ओर बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी से गुजर रही है। दक्षिण महाराष्ट्र और गोवा तट के पास अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। विंड शीयर जोन लगभग 16 डिग्री उत्तर अक्षांश के साथ दक्षिण प्रायद्वीप पर औसत समुद्र तल से 3.1 और 7.6 किमी के बीच चल रहा है।