फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जरा सी बरसात और देश त्राहिमाम, नदियों के विकराल होने से सड़कों पर दिखती है तबाही

Wed, 29 Aug 2018 12:09 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन

केरल में तो भारी बारिश हुई और स्थिति असामान्य रही लेकिन दिल्ली, मुंबई और देश के कई ऐसे शहर हैं जो थोड़ी सी बारिश में ही डूब गए। इन डूबी सड़कों की वजह से न सिर्फ ट्रैफिक में दिक्कत बल्कि जान-माल तक का नुकसान देखने को मिला। ऐसे में जरा सी बारिश नहीं होती कि पूरा देश त्राहिमाम करने लगता है। अब जरा सोचिए कि हम क्या वाकई स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ रहे हैं? नासा ने भी केरल में बाढ़ से पहले और बाद की सैटेलाइट तस्वीरें जारी की हैं। जिसमें देखा जा सकता है कि केरल का 70 फीसदी हिस्सा पानी में डूबा हुआ है।

विज्ञापन


जो तस्वीरें नासा ने जारी की हैं उनमें से एक 6 फरवरी की है जबकि दूसरी 22 अगस्त की है। नासा का कहना है कि केरल में बांध से जो पानी छोड़ा गया है वही वहां आई बाढ़ का कारण है। इसका सही से प्रबंधन नहीं किया गया था। अगर सही से प्रबंधन होता तो ये तबाही नहीं आती और न ही 50 हजार घर बर्बाद होते। नासा के वैज्ञानिक सुजय कुमार ने बताया कि भारी बारिश के बीच बांध से पानी छोड़ना बहुत गलत था। पानी को काफी देर से छोड़ा गया। यहां 20 जुलाई से तेज बारिश शुरू हुई थी जबकि बाढ़ 8 अगस्त से। जून और जुलाई तक हालात उतने खराब नहीं थे। भारी बारिश के बाद राज्य के करीब 80 फीसदी बांध पूरी तरह से भर चुके थे। जिसके बाद पानी को निकालने के लिए इडुक्की बांध के 35 गेटों को एक साथ खोला गया। इसका सही से प्रबंधन नहीं किया गया था।

नीचे ऐसे ही कुछ शहरों की बारिश के बाद के हाल का जिक्र है, जरा ये पढ़िए:

पिछले एक साल में घटीं दिल दहला देने वाली तीन घटनाएं सबूत हैं कि देश के बड़े शहरों में असामान्य नहीं, बल्कि मामूली बारिश भी लोगों की जान ले रही है। सिर्फ इसलिए कि 50 वर्षों में हम शहरों में जलजमाव का हल तलाश नहीं पाए हैं, स्मार्ट सिटी की बात तो दूर है। ऐसी ही स्थिति पटना, भोपाल, बेंगलुरू, चेन्नई सहित देश के अधिकांश शहरों में है। 
विज्ञापन


29 अगस्त 2017
सड़कों पर भरे बारिश के पानी ने मुंबई के शीर्ष गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. दीपक अमरापुरकर की जान ले ली थी। उस दिन शाम को वे घर से कुछ ही दूरी पर जाम में फंस गए थे। तब ड्राइवर के भरोसे कार छोड़कर उन्होंने पैदल ही घर जाने का फैसला किया। तभी वे सड़क के बीच स्थित एक मैनहोल में जा गिरे। 

13 जुलाई 2018
दिल्ली के रोहिणी इलाके में पवन कुमार नाम का युवक उत्तर प्रदेश की बस पकड़ने निकला था। रास्ते में वह एक नाली में जा गिरा, जो सड़कों पर जमा पानी के कारण नजर नहीं आ रही थी। उसका शव जेसीबी से नाली का मुहाना तोड़कर निकाला गया।

23 जून 2018
हैदराबाद में यहां कोकाटपल्ली स्थित एक अपार्टमेंट की पार्किंग में कार के अंदर शव मिला। गोपी नाम का यह शख्स पेशे से ड्राइवर था और रात को कार में ही सो गया था। बारिश के कारण सड़क के समतल बनी अपार्टमेंट की पार्किंग में तीन फीट तक पानी भर गया। ड्राइवर कार में ही फंसा रह गया और उसकी मौत हो गई। 
 

योजना नहीं हो पाई सफलता से लागू

इस पर दिल्ली अर्बन आर्ट की तरफ से कहा गया कि 'अधिकांश शहरों का मामूली सी बारिश में जलमग्न हो जाने का पहला बड़ा कारण गलत अर्बन प्लानिंग है। प्लानिंग में अक्सर इस बात का ध्यान नहीं रखा जाता कि जमीन कैसी है और किस काम की है। दूसरी बात यह समझनी होगी कि आप निकायों की क्षमता बढ़ाए बिना किसी योजना को सफलता से लागू नहीं कर सकते। यही वजह है कि हम दशकों के विकास के बाद भी इस समस्या से निपट नहीं पाए हैं।' 

दरअसल इस गलत अर्बन प्लानिंग में शहरों की जमीनी सतह का लगातार कंक्रीट से ढंका जाना भी शामिल है। इसे समझाते हुए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजास्टर मैनेजमेंट की हाइड्रो-मैटेरोलॉजी डिवीजन का कहना है कि 'टाइल से जमीन ढंकती जा रही है। इससे पानी जमीन में रिसने के बजाए बहकर तेजी से निचले इलाकों में भरने लगता है। 

वैसे इस सीमेंट और कंक्रीटीकरण को वे रोजगार व शिक्षा के लिए शहरों की तरफ हो रहे पलायन से जोड़ते हैं। संस्था की माने तो बड़ी आबादी लगातार शहरों की ओर माइग्रेट हो रही है। इन्हें जहां खाली जगह मिल रही है, वहीं बस रहे हैं और ऐसी खाली जगह आमतौर पर शहरों में निचले इलाके ही होते हैं। अक्सर यह या तो नदी का बाढ़ क्षेत्र होता है या अन्य डूब क्षेत्र।' 

इधर, दिल्ली स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर ने इसके पीछे एक आर्थिक पक्ष होना बताया। 'अर्बन प्लानिंग के सिद्धांतों के मुताबिक निचले इलाकों में पहले मिट्टी का भराव करना चाहिए फिर मकान या अन्य निर्माण होने चाहिए। मगर ऐसा करने में निर्माण लागत बढ़ जाती है। यही वजह है कि कई शहरों में इन सिद्धांतों को ताक पर रखकर निर्माण हो गए हैं।' यानी जानकारों का प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से यही कहना है कि यह समस्या मानव-निर्मित है। 

मध्यप्रदेश टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की तरफ से कहा गया कि- 'किसी समय हर शहर का नेचुरल ड्रेनेज सिस्टम नालों के रूप में हुआ करता था। मगर नई बसाहट ने इसे खत्म कर दिया। 10 फीट चौड़ाई-गहराई वाले नाले खत्म कर दिए और उनकी जगह एक फीट व्यास की पाइप लाइन बिछा दी गई हैं। यह लाइन तीन-चार इंच बारिश का पानी भी आसानी से नहीं निकाल पाती। यह तो समस्या है, लेकिन दशकों से समस्या हल इसलिए नहीं हो पा रही क्योंकि अधिकांश शहरों में नया ड्रेनेज और स्टॉर्म वाटर लाइन सिस्टम भी जरूरत के मुताबिक नहीं बना।

Kerala Flood
समाधान क्या है?

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स ने कहा कि स्मार्ट सिटी शुरुआत में शहर के दो से पांच फीसदी हिस्से पर ही बन रही हैं। ऐसे में हो सकता है कि स्मार्ट सिटी के लिए चुना गया क्षेत्र तो सुरक्षित रहे, लेकिन उसके बाहर समस्याएं ऐसी ही हों। भविष्य में इसके हल के लिए हमें चीन के तरीकों को अपनाना होगा। वहां जो गांव या क्षेत्र, शहर बनने की क्षमता रखते हैं, वहां अगले 20 वर्ष की आवश्यकता के अनुसार इंफ्रास्ट्रक्चर और जरूरी आवश्यकता विकसित की जाती है। इसके बाद आबादी बसाई जाती है। 

...तो फिर हल क्या है?
 ज्यादातर एक्सपर्ट हर साल बारिश में एक-सी ही समस्या से उबरने का हल क्षेत्र या शहर की आबादी के हिसाब से ड्रेनेज व स्टॉर्म वाटर लाइन डालना बताते हैं। वे कहते हैं इसके लिए सबसे पहले नेचुरल ड्रेनेज सिस्टम को रिवाइव करना होगा। कुछ जानकारों का कहना है कि इसका हल बहुत खर्चीला है। इसके लिए हम या तो निचले इलाकों की पहचान कर उन्हें ऐसा स्वरूप दें कि दूसरे इलाकों का पानी यहां जमा न हो। दूसरा तरीका यह है कि ऐसे इलाकों में ग्राउंड वाटर रिचार्जिंग की जाए।
विज्ञापन

देश में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हुई है। दिल्ली के नजफगढ़ में 148 मिमी, महाराष्ट्र के महाबलेश्वर में 107 मिमी, दिल्ली के पालम में 101 मिमी, असम के लखीमपुर में 97 मिमी, असम के गुवाहाटी में 95 मिमीऔर मध्यप्रदेश के जबलपुर में 90 मिमी बारिश हुई है। 

22 हजार पशु और 4 लाख पक्षी मारे गए

केरल में आई भारी बाढ़ से 443 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 3.42 लाख लोग ऐसे भी हैं जो राहत शिविरों में रह रहे हैं। इस बाढ़ ने न केवल इंसानों की बल्कि पशु पक्षियों की भी जान ली है। बाढ़ के कारण करीब 4 लाख पक्षियों और 22 हजार से ज्यादा छोटे और बड़े पशुओं की मौत हुई है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का कहना है कि बाढ़ ने उन्हें मौका दिया है कि वह नया केरल बना पाएं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की पूरी उम्मीद है कि केंद्र सरकार केरल को बनाने में उनकी मदद करेगी।

वहीं अगर पूरे देश की बात की जाए तो 43 फीसदी हिस्सा ऐसा है जहां मानसून सामान्य रहा और 39 फीसदी हिस्सा ऐसा है जहां कम बारिश हुई। पूरे देश में 7 फीसदी कम बारिश हुई है। 11 राज्यों में कम बारिश हुई है।

8 राज्यों में 1276 लोगों की मौत

देश में इस बार आए मानसून ने 1276 लोगों की जान ले ली है। ये मौतें देश के 8 राज्यों में हुई हैं। इनमें सबसे ज्यादा लोग केरल के हैं। इस राज्य में 443 लोग मारे गए हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में 218, पश्चिम बंगाल में 198, कर्नाटर में 166, महाराष्ट्र में 139, गुजरात में 52, असम में 49 और नागालैंड में 11 लोग मारे गए हैं। वहीं राज्यों में जो लोग लापता हुए हैं उनकी संख्या 37 बताई जा रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें