08:48 PM, 18-Jul-2022
केंद्रीय विश्वविद्यालयों में खाली पड़े हैं शिक्षकों के 6449 पद
देश के केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के 6549 पद खाली हैं। सबसे अधिक सामान्य श्रेणी के 2252, अनुसूचित जाति के 988, अनुसूचित जनजाति के 576 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 1761 पद हैं। केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री सुभाष सरकार ने लोकसभा में राजीव प्रताप रूडी के प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। अगस्त 2021 से 4807 पद के लिए चयन प्रक्रिया चल रही है। खाली पदों में 628 पद कमजोर वर्ग और 344 निशक्तजन के लिए हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय में शिक्षकों के 900 पद रिक्त हैं। इनमें अनुसूचित जाति के 138, अनुसूचित जनजाति के 70, अन्य पिछड़ा वर्ग के 244, सामान्य वर्ग के 311, आर्थिक कमजोर वर्ग के 93 और निशक्त जन के 44 पद हैं। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में रिक्त 326 पदों में अनुसूचित जाति के 61, अनुसूचित जनजाति के 43, अन्य पिछड़ा वर्ग के 105, सामान्य वर्ग के 64, आर्थिक कमजोर वर्ग के 32 और निशक्तजन के 21 हैं। जामिया मिलिया इस्लामिया में भी 223 पद रिक्त हैं। रिक्तियां सेवानिवृत्ति, त्यागपत्र और छात्रों की बढ़ी संख्या के कारण अतिरिक्त जरूरत के कारण हैं। शिक्षा मंत्रालय ने सभी केंद्रीय उच्च शिक्षण संस्थानों से 5 सितंबर 2021 को एक वर्ष की अवधि में रिक्तियों को भरने का अनुरोध किया है।