कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी।
- फोटो : ANI
पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के पाकिस्तान दौरे से घिरी कांग्रेस ने मांग की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को भेजे बधाई संदेश को सार्वजनिक करें। कांग्रेस ने कहा कि अगर पीएम ने सिर्फ बधाई दी थी, तो पत्र सार्वजनिक करने से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के मुताबिक भारत के पीएम ने पत्र लिखकर बातचीत शुरू करने की बात कही है। वहीं, सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि मोदी ने सिर्फ बधाई दी है। ऐसे में पीएम के पत्र को सार्वजनिक कर देना चाहिए।
तिवारी ने कहा कि सरकार पाकिस्तान के प्रति अपना नजरिया स्पष्ट करे। हमारे लाल लाइन खींचने के बाद भी चार साल में पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद बंद नहीं हुआ। पीएम ने अब तक देश को नहीं बताया कि वह पाकिस्तान क्यों गए थे, जबकि उनके जाने के बाद पठानकोट पर हमला हुआ। पीएम ने अपने शपथग्रहण में तत्कालीन पीएम नवाज शरीफ को बुलाया। तीन महीने बाद हुर्रियत पर सचिव स्तर की बातचीत रद्द कर दी। बैंकॉक में दोनों देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के मिलने की खबरें आईं। सरताज अजीज और सुषमा स्वराज के बीच बातचीत हुई।
मनीष तिवारी ने कहा कि दक्षिण एशिया में आतंकवाद की जननी पाकिस्तान की आईएसआई को निमंत्रण देकर बुलाया गया। उसने पठानकोट पर हमला कराया। उसे ही जांच के लिए बुला लिया गया। हम बार-बार लाल लकीरें खींचते हैं कि ऐसा होने तक बातचीत नहीं करेंगे। सरकार को साफ करना चाहिए कि पाकिस्तान से दोबारा बातचीत होनी है या नहीं होनी है।