हर साल करीब एक करोड़ युवा रोजगार के लिए बाजार में उतरते हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से रोजगार की दर काफी गिरी है। केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव शंकर अग्रवाल खुद मानते हैं कि मौजूदा समय में रोजगार की स्थिति अच्छी नहीं है। इसका कारण वैश्विक अर्थ व्यवस्था में मंदी का असर है। इसके चलते मांग और आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है, लेकिन अग्रवाल के मुताबिक ऐसा अधिक दिनों तक नहीं रहने वाला है।
केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार सचिव ने अमर उजाला से विशेष बातचीत के दौरान बताया कि जल्द रोजगार क्षेत्र में बड़ा जमीनी बदलाव दिखाई देगा। केन्द्र सरकार इम्पलॉमेंट बूस्टिंग की प्रक्रिया में हैं। इतना ही नहीं केन्द्र सरकार युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुरुप सम्मानजनक रोजगार मिलने के प्रति भी गंभीर है।
अग्रवाल के अनुसार जल्द ही स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्मार्ट सिटी का असर दिखने वाला है। श्रम एवं रोजगार सचिव के अनुसार केन्द्र सरकार ने देश में मांग और मांग के आधार पर उत्पादन बढ़ाने की दिशा में तेजी से उपाय किए हैं।
केन्द्रीय विद्यालय में 10 हजार शिक्षकों की होगी नियुक्ति
- फोटो : pti
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि रेलवे, बैंकिंग, माइनिंग, रक्षा, सूचना सेवा, समेत अन्य क्षेत्र में भारी संख्या में पद रिक्त हैं। केन्द्र सरकार इन सभी पदों को भरने की तैयारी में है। इसके लिए जल्द ही प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। सूत्र का कहना है कि मौजूदा समय में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना काफी बड़ा मुद्दा है और इसको लेकर शीर्ष स्तर पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। सरकार रोजगार के अवसरों में तेजी लाने की तैयारी में है, ताकि देश के युवाओं को नई दिशा दी जा सके।
केन्द्रीय विद्यालय में 10 हजार शिक्षकों की होगी नियुक्ति
केन्द्रीय विद्यालय संगठन के सहायक आयुक्त सरदार सिंह चौहान के अनुसार 15 सितंबर तक संगठन बड़े पैमाने पर शिक्षकों की भर्ती का विज्ञापन निकालेगा। केन्द्रीय विद्यालय संगठन इस प्रक्रिया में दिसंबर 2016 तक करीब 10 हजार शिक्षकों की भर्तियां करेगा। इसके अलावा अन्य स्टाफ के भर्तियों की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। केवीएस के अलावा उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा में बड़े पैमाने पर शिक्षकों की जरूरत है। केन्द्र सरकार इन पदों को भरने के लिए सभी विभागों और एजेंसियों को आवश्यक दिशा-दिशा निर्देश देने की तैयारी में है।