देबश्री चौधरी- चौधरी ने तृणमूल कांग्रेस के कननिया लाल अग्रवाल को 60,000 वोटों से रायगंज लोकसभा सीट से हराया है। वह इससे पहले पश्चिम बंगाल में महासचिव के पद पर रह चुकी हैं। उन्हें महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का राज्यमंत्री बनाया गया है।
जी किशन रेड्डी- तीन बार विधायक रहे जी किशन रेड्डी ने टीआरएस नेता टी साईं किरण को सिकंदराबाद से हराया है। रेड्डी तेलंगाना में भाजपा ईकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्हें गृह राज्य मंत्री का कार्यभार सौंपा गया है।
अरविंद सावंत- सावंत शिवसेना से सरकार में शामिल होने वाले अकेले सांसद हैं। उन्हें दक्षिण महाराष्ट्र में पार्टी के संगठन निर्माण का श्रेय दिया जाता है। इसके अलावा उन्होंने दक्षिण मुंबई से कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा को हराया है। उन्हें भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रह्लाद जोशी- कर्नाटक की धारवाड़ सीट से चार बार विधायक रहे प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस के विनय कुलकर्णी को हराया है। वह कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष का कार्यभार संभाल चुके हैं। उन्हें संसदीय कार्य, कोयला तथा खदान मामलों का मंत्रालय दिया गया है।
रमेश पोखरियाल- 2009-1010 के बीच रमेश पोखरियाल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वह पहली बार हरिद्वार लोकसभा सीट से सांसद चुने गए हैं। उन्हें शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
सुरेश अंगड़ी- बेलगावी से लोकसभा सांसद सुरेश को पहली बार कैबिनेट का हिस्सा बनाया गया है। वह इसी लोकसभा सीट से 2004 और 2009 में जीत हासिल कर चुके हैं। उन्हें रेल मंत्रालय का राज्यमंत्री बनाया गया है।
रामेश्वर तेली- तेली ने असम के डिब्रूगढ़ सीट से जीत हासिल की है। वह 2001 से 2011 के बीच असम में विधायक चुने गए थे। उन्होंने डिब्रूगढ़ से पांच बार के कांग्रेस सांसद और पूर्व केंदीय मंत्री पबन सिंह घाटोवार को दूसरी बार हराया है। उन्हें खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय का राज्य मंत्री बनाया गया है।
प्रताप चंद्र सारंगी- प्रताप सारंगी ने इस बार के लोकसभा चुनाव में ओडिशा के बालासोर से जीत हासिल की है। जनता उन्हें 'ओडिशा का मोदी' कहती है। सांरगी ने शादी नहीं की है। पिछले साल उनकी मां का देहांत हुआ था। इनके पास ज्यादा संपति नहीं है। सारंगी छोटे से घर में रहते हैं। उन्हें एमएसएमई, पशु संवर्धन डेयरी एवं मत्स्य मंत्रालय का राज्यमंत्री बनाया गया है।
इन नेताओं के अलावा प्रह्लाद सिंह पटेल, संजय शामराओ धोत्रे, नित्यानंद राय, वी मुरलीधरन, रेणुका सिंह सरुता और सोम प्रकाश को भी पहली बार मंत्री बनाया गया है।