सरकार ने विज्ञान और अंतरिक्ष क्षेत्र में देश को अग्रणी बनाने का लक्ष्य रखा है। चंद्रयान-2 मिशन के साथ ही सरकार का लक्ष्य सूरज तक जाने का है। सूर्य को समझने के लिए 2020 में सोल मिशन आदित्य एलवन लांच किया जाएगा। 2022 में गगनयान मिशन के तहत पहली बार आदमी को अंतरिक्ष में भेजने का लक्ष्य रखा गया है। 2023 में शुक्र ग्रह पर भी जाने की तैयारी है।
जेएंडके बैंक से भ्रष्ट अधिकारियों की सफाई समेत कई विभागों से भ्रष्ट अधिकारियों को निकालने से सरकार ने साफ कर दिया कि वह भ्रष्टाचार पर कोई समझौता नहीं करेगी। अधिकारियों ने कहा कि श्रम सुधार, गरीबों को चूना लगाने वाले धोखेबाजों के खिलाफ कठोर कानून, बच्चों का यौन उत्पीड़न करने वालों के लिये मौत की सजा, खरीफ फसलों के लिये अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य आदि उन कदमों में शामिल हैं जो पिछले 50 दिनों में सरकार ने उठाये हैं।
BIMSTEC summit(File Photo)
पीएम मोदी ने पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को प्राथमिकता देने की नीति को बरकरार रखा है। उन्होंने अपने दूसरे शपथ ग्रहण समारोह में बिम्सटेक (बंगाल की खाड़ी से लगे देशों के बीच विविध क्षेत्रीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग पहल) के देशों को आमंत्रित किया। उन्होंने दूसरे कार्यकाल के शुरू में ही मालदीव व श्रीलंका की यात्राएं की। मोदी शंघाई सहयोग शिखर सम्मेलन और जी20 शिखर सम्मेलन (ओसाका) में गए। इन सम्मेलनों में उनकी चीन, अमेरिका, जापान और कई अन्य देशों के नेताओं के साथ अलग से बातचीत हुई।
हर आदमी को घर और हर घर में गैस-बिजली कनेक्शन
2022 तक देश के हर व्यक्ति के पास उसका अपना घर हो, इसके लिए बहुत ही गंभीर है। पीएम आवास योजना के तहत अगले दो साल में 1.95 करोड़ घर बनाए जाएंगे। साथ ही देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ (2022) के अवसर पर सरकार का मकसद है कि देश के घर-घर में बिजली और गैस कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध हो.
45 लाख रुपये तक का घर खरीदने वालों को ब्याज पर 1.5 लाख की अतिरिक्त छूट देने का एलान किया गया है। मुद्रा लोन योजना के तहत सेल्फ हेल्प समूह की एक महिला को लोन दिया जाएगा। साथ ही छोटे कारोबारियों के लिए पेंशन योजना शुरू की गई।
कारोबार और कॉरपोरेट जगत को बड़ी राहत
सरकार ने 400 करोड़ तक सालाना टर्नओवर पर कारपोरेट टैक्स 25 फीसदी कर दिया है। पहले यह सीमा 250 करोड़ रुपये थी। टर्नओवर की सीमा बढ़ाने से करीब 99.30 फीसदी कंपनियों इस दायरे में आ गई हैं।
1971 के बाद पहली बार सत्तारूढ़ दल पूर्ण बहुमत के साथ लौटा
लोकसभा चुनाव में भाजपा ने शानदार जीत के साथ 303 सीटें हासिल की थी और नरेंद्र मोदी ने 30 मई को दोबारा पीएम पद की शपथ ली थी। 1971 के बाद यह पहली बार है जब सत्तारूढ़ दल पूर्ण बहुमत के साथ सरकार में लौटा।