फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए मोबाइल नंबर जरूरी, एसबीआई से कर्ज लेना हुआ महंगा, पढ़ें अहम खबरें

Wed, 16 Nov 2022 06:05 AM IST
Jeet Kumar एजेंसी, नई दिल्ली।

सार

शिकायत की निगरानी व कार्रवाई से जुड़े निर्णय के लिए सीवीओ को अब एक के बजाय दो महीने मिलेंगे। वहीं एसबीआई ने सभी अवधि के एमसीएलआर में 0.15%  की बढ़ोतरी कर दी है। नई दर 15 नवंबर से लागू है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय सतर्कता आयोग में भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करवाने के लिए अपना मोबाइल फोन नंबर देना अनिवार्य होगा। अब आयोग के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) को जांच की प्रगति की जानकारी भी शिकायतकर्ता को ऑनलाइन माध्यम से देनी होगी। 

  • शिकायत की निगरानी व कार्रवाई से जुड़े निर्णय के लिए सीवीओ को अब एक के बजाय दो महीने मिलेंगे। 
  • यहां दर्ज कराएं शिकायतें : www.portal.cvc.gov.in/ www.cvc.gov.in 
  • डाक से शिकायत भेजने की व्यवस्था भी बनी रहेगी।

फोन नंबर इसलिए जरूरी  

विज्ञापन

दर्ज नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा। इससे शिकायतकर्ता की पुष्टि हो सकेगी। सरकार का दावा है, इन सुधारों से शिकायत देने व निगरानी में आसानी होगी। 

एसबीआई का कर्ज 0.15% महंगा दो बैंकों ने जमा पर बढ़ाया ब्याज 
एसबीआई ने सभी अवधि के एमसीएलआर में 0.15%  की बढ़ोतरी कर दी है। नई दर 15 नवंबर से लागू है। एक साल का एमसीएलआर 7.95% से बढ़कर 8.05 फीसदी, जबकि दो साल का एमसीएलआर 8.25 और तीन साल का एमसीएलआर 8.35% होगा। 6 माह की दर 0.15 फीसदी बढ़ी है।

झारखंड : बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या की जांच करेगी एसआईटी 
सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में बजरंग दल के कार्यकर्ता कमलदेव गिरि (35) की हत्या की जांच के लिए 15 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने कहा कि चक्रधरपुर अनुमंडल पुलिस अधिकारी कपिल चौधरी के नेतृत्व में एसआईटी घटना की जांच करेगी। 
विज्ञापन


एक्सिस बैंक 0.20% ज्यादा देगा ब्याज
एक्सिस बैंक ने जमा पर 0.20% ब्याज बढ़ा दिया है।  15 से 18 महीने की परिपक्वता वाले जमा पर 6.40% ब्याज मिलेगा तीन साल के जमा पर 6.30% के बजाय 6.50% ब्याज मिलेगा। ब्यूरो

जना स्माल फाइनेंस जमा पर देगा 8.35 फीसदी ब्याज
जना स्मॉल फाइनेंस बैंक 15 लाख से ज्यादा और दो करोड़ रुपये से कम के जमा पर एक से दो साल की अवधि पर 8.35% ब्याज देगा। एक लाख से ज्यादा और 50 करोड़ से कम के बचत खाते पर 7% ब्याज देगा। नई दर 15 नवंबर से लागू है।

नवलखा को राहत, सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट की शर्त हटी
सुप्रीम कोर्ट ने एल्गार परिषद हिंसा मामले में आरोपी सामाजिक कार्यकर्ता गौतम नवलखा को बड़ी राहत देते हुए उनकी घर पर नजरबंदी से सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट की शर्त मंगलवार को हटा दी। कोर्ट ने चिकित्सा आधार पर 10 नवंबर को उन्हें सशर्त उनके घर में नजरबंद करने का आदेश दिया था। इनमें एक शर्त के मुताबिक नवलखा को 14 नवंबर तक दो लाख रुपये की स्थानीय सिक्योरिटी देनी थी। एजेंसी

भारत-अमेरिका के जवान करेंगे चीन सीमा पर युद्धाभ्यास
भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के जवान चीन सीमा पर युद्धाभ्यास करेंगे। उत्तराखंड के औली में चीन सीमा से 100 किमी की दूरी पर होने वाले संयुक्त अभ्यास में दोनों देशों के सैनिक रणनीति और तकनीकी प्रक्रियाओं पर ध्यान केंद्रित करेंगे। भारतीय सेना के मुताबिक, 18वां संयुक्त अभ्यास संयुक्त राष्ट्र जनादेश के तहत शांति स्थापना और आपदा राहत कार्यों में इन्फैंट्री बटालियन समूह के रोजगार पर केंद्रित होगा। मानवीय सहायता और आपदा राहत संचालन पर भी ध्यान दिया जाएगा। पिछला अभ्यास अक्तूबर 2021 में अलास्का में हुआ था। 

अवैध धर्मांतरण के खिलाफ केंद्र जल्द लाए कानून : विहिप
सुप्रीम कोर्ट की ओर से धर्मांतरण को गंभीर मुद्दा मानने के बाद मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने मांग की कि केंद्र सरकार को इसके खिलाफ जल्द से जल्द एक कानून लाना चाहिए। विहिप के संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने कहा कि इस विषय पर अब तक गठित विभिन्न घटनाओं और आयोगों ने निष्कर्ष निकाला है कि अवैध धर्मांतरण धार्मिक स्वतंत्रता और राष्ट्रीय सुरक्षा के मौलिक अधिकार के लिए भी खतरा है। उनके मुताबिक, शीर्ष अदालत ने भी अवैध धर्मांतरण पर केंद्रीय कानून की आवश्यकता पर बल दिया। 

जैन के मुताबिक, मौजूदा समय में अवैध धर्मांतरण रोकने के लिए सिर्फ आठ राज्यों में ऐसा कानून बनाया गया है जबकि समस्या देशव्यापी है। विहिप लंबे समय से अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए एक केंद्रीय कानून बनाने की मांग कर रही है। पिछले साल दिसंबर में आरएसएस सहयोगी ने धर्म परिवर्तन के खिलाफ एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया था। एजेंसी

भारत को कौशल का आपूर्ति केंद्र बनाएगी सरकार : प्रधान
केंद्रीय शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को कहा कि सरकार भारत को कौशल का आपूर्ति केंद्र बनाने के लिए नीति बना रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों में कुशल कार्यबल की जरूरत की पहचान करने के लिए वैश्विक कौशल शृंखला से जुड़ी आवश्यकताओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि जब वाणिज्य विभाग भारत की तरफ से विभिन्न देशों के साथ व्यापार सौदों पर बातचीत करता है तो कौशल आवश्यकताओं की पहचान एक महत्वपूर्ण तत्व के रूप में काम करेगी। दस देशों के राजदूतों के साथ केंद्र सरकार के चार विभागों के सहयोग से मंगलवार को वर्चुअल ‘ग्लोबल स्किल्स समिट’ का आयोजन किया। 

इसमें ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, जापान, मलेशिया, मॉरीशस, सिंगापुर, तंजानिया, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और ब्रिटेन ने भाग लिया। प्रधान ने कहा, भारत दुनिया में ‘कुशल कार्यबल’ की जरूरतों को पूरा कर सकता है। 

जेट ईंधन में एसएएफ के मिश्रण की दिशा में प्रयास जारी : बंसल
नागर विमानन सचिव राजीव बंसल ने मंगलवार को कहा कि सरकार उत्सर्जन में कटौती के लिए विमानों में इस्तेमाल होने वाले जेट ईंधन का टिकाऊ विमानन ईंधन (एसएएफ) के साथ अनिवार्य मिश्रण किए जाने की दिशा में काम कर रही है।

बंसल ने एक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए कहा कि सरकार जीवाश्म ईंधनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, नागर विमानन मंत्रालय एसएएफ से जुड़े मसलों पर पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहा है। 

उन्होंने एयरलाइंस के अंतरराष्ट्रीय समूह आईएटीए की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में कहा, दोनों मंत्रालय एसएएफ को एक तय अनुपात में विमान ईंधन के साथ मिलाए जाने की दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं। हमें इसका एहसास है कि इस मिश्रण को एक तय अवधि तक लागू नहीं किया जाता है तो उसकी मांग नहीं पैदा होगी। 

तेलुगु अभिनेता कृष्णा का निधन पीएम मोदी ने बताया बड़ी क्षति
तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता घट्टामनेनी शिवराम कृष्णा (80) का मंगलवार तड़के हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए इसे सिनेमा जगत के लिए बड़ी क्षति बताया। कृष्णा तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार महेश बाबू के पिता हैं। कृष्णा को सोमवार तड़के दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया। 

केरल : कांग्रेस नेता श्रीधरन ने पार्टी छोड़ी, माकपा में होंगे शामिल
केरल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष सीके श्रीधरन ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। बताया गया है कि प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के सुधाकरण की राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आएसएस) के संबंध में हालिया टिप्पणी के विरोध में उन्होंने पार्टी छोड़ी है। श्रीधरन ने मीडिया से कहा कि वह माकपा में शामिल होंगे, जो देश में फासीवाद और सांप्रदायिकता से प्रभावी तरीके से लड़ रही है। इसकी घोषणा 17 नवंबर को की जाएगी। श्रीधरन ने कहा कि कांग्रेस सभी मोर्चों पर नाकाम साबित हुई है। 

Trending Videos

पर्यटक ई-व्हीकल को मुफ्त मिलेगा परमिट, छोटे वाहनों का शुल्क भी कम 
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने टूरिस्ट परमिट सिस्टम को और बेहतर बनाने के लिये कदम उठाया है। मंत्रालय ने ऑल इंडिया टूरिस्ट व्हीकल प्राधिकरण और परमिट नियम-2021 की जगह नया नियम लाने के लिये ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी किया है। इसमें बैटरी से चलने वाले ई-व्हीकल को लेकर भी बड़े सुधार करने की योजना है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 2021 में अधिसूचित नियमों ने टूरिस्ट व्हीकल के लिये परमिट सिस्टम को सुव्यवस्थित और आसान बनाने से देश में टूरिज्म सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा। बयान के अनुसार, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 11 नवंबर, 2022 को ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी किया। प्रस्तावित नियम ऑल इंडिया टूरिस्ट व्हीकल प्राधिकरण और परमिट नियम-2021 का स्थान लेगा।

ऑल इंडिया परमिट लेना होगा आसान
इसमें कहा गया है कि अब प्रस्तावित ऑल इंडिया टूरिस्ट व्हीकल प्राधिकरण और परमिट नियम-2021 के साथ पर्यटक परमिट व्यवस्था बेहतर और मजबूत होगी। प्रस्तावित नियमों का उद्देश्य ऑल इंडिया परमिट आवेदकों के लिए प्रक्रिया को सरल बनाना और नियम-कायदों के बोझ को कम करना है। कम क्षमता वाले वाहनों (10 से कम) के लिए कम परमिट शुल्क के साथ पर्यटक वाहनों की अधिक श्रेणियां प्रस्तावित की गई हैं। इस कदम से कम लोगों के बैठने की क्षमता वाले छोटे वाहनों वाले टूरिस्ट ऑपरेटर्स को काफी वित्तीय राहत मिलने की उम्मीद है।

नया डाटा कानून टेक कंपनियों की मनमानी पर लगाएगा रोक : चंद्रशेखर
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने मंगलवार को कहा कि प्रस्तावित डाटा संरक्षण विधेयक उपभोक्ताओं से संबंधित डाटा के दुरुपयोग पर लगाम लगाने के साथ दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई का भी प्रावधान करेगा। 

चंद्रशेखर ने यह टिप्पणी दिग्गज इंटरनेट कंपनी गूगल पर अमेरिका में लगे उपभोक्ता डाटा के दुरुपयोग के आरोपों के संदर्भ में की है। गूगल पर अपने उपभोक्ताओं की सहमति के बगैर उनके लोकेशन की निगरानी करने का आरोप था। हालांकि गूगल ने इस मामले की जांच बंद करने के लिए अमेरिकी सरकार के साथ समझौता कर लिया है जिसके तहत वह करीब 39.2 करोड़ डॉलर या 3179 करोड़ रुपए का भुगतान करेगी। 

निजता का उल्लंघन रुकेगा
चंद्रशेखर ने अपने एक ट्वीट में कहा कि उपभोक्ताओं के डाटा का दुरुपयोग करना निजता और डाटा संरक्षण कायदों का उल्लंघन करता है। भारत का डिजिटल डाटा संरक्षण विधेयक इस पर रोक लगाएगा और सुनिश्चित करेगा कि ऐसा काम करने वाली किसी भी इंटरनेट कंपनी या मध्यवर्ती को दंडात्मक एवं वित्तीय नतीजे का सामना करना पड़े। सरकारी सूत्रों ने संकेत दिए हैं कि नया डेटा संरक्षण विधेयक संसद के आगामी शीतकालीन सत्र में पेश किया जा सकता है।
विज्ञापन

भतीजी से विरासत संबंधी मुकदमा जीते पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी भतीजी मैरी ट्रंप की ओर से दायर विरासत संबंधी मुकदमा जीत गए हैं। मैरी ने पूर्व राष्ट्रपति, उनके भाई और बहन पर धोखाधड़ी कर विरासत से वंचित करने का आरोप लगाया था। न्यूयॉर्क राज्य की मैनहटन अदालत ने फैसले में कहा कि इस मामले के संबंध में 2001 में सेटलमेंट हो चुका है। इसके अलावा, मेनहटन की एक अन्य अदालत ने डोनाल्ड ट्रंप पर उनके पूर्व अधिवक्ता मिशेल कोहेन की ओर से दायर मुकदमे को रद्द कर दिया।

सूरत : फ्लैट में 1.80 करोड़ का मेफेड्रोन छिपाया, एक गिरफ्तार
गुजरात के सूरत शहर में अपराध शाखा की टीम ने 1.80 करोड़ रुपये का मेफेड्रोन (एमडी) छिपाने  के आरोप में व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मेफेड्रोन को म्याऊ म्याऊ के रूप में भी जाना जाता है। बरामद एमडी का कुल वजन 1.796 किग्रा है, जिसे 24 वर्षीय व्यक्ति ने अपने फ्लैट में छिपा रखा था। अज्ञात सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारकर आरोपी के फ्लैट से 4.05 लाख की नकदी भी जब्त की। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, आगे की जांच जारी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें