तमिलनाडु विधानसभा चुनाव परिणाम में कमल हसन की पार्टी मक्कल निधि मय्यम को करारी हार का सामना करना पड़ा। यहां तक कि कोयंबटूर साउथ सीट से खुद कमल हासन हार गए। हार के बाद मक्कल निधि मय्यम के उपाध्यक्ष आर महेंद्रन ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। महेंद्रन ने पार्टी के भीतर लोकतंत्र की भारी कमी का आरोप लगाते हुए गुरुवार को पार्टी की कार्यकारी समिति की बैठक में पार्टी अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया। महेंद्रन के अलावा कई वरिष्ठ नेताओं ने भी पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है। महेंद्रन कोयम्बटूर में सिंगनल्लूर निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार थे लेकिन वो चुनाव हार गए.।
पार्टी में लोकतंत्र की कमी
महेंद्रन ने कमल हासन और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के ऊपर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पार्टी में लोकतंत्र की बेहद कमी है। इसके लिए पार्टी अध्यक्ष कमल हासन खुद जिम्मेदार हैं, उन्हें पार्टी चलाने की समझ नहीं है। उन्होंने बताया कि कई लोग इस विश्वास से पार्टी के साथ बने रहे कि चुनाव बाद पार्टी में बदलाव आएगा, लेकिन कोई बदलाव नहीं दिखा। जिसके बाद फैसला किया कि पार्टी के साथ रहकर खुद को धोखा नहीं दे सकता। महेंद्रन के अलावा एम मुरुगनंथम, सीके कुमारावेल, एजी मौर्य और उमादेवी समेत सात नेताओं ने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया। सभी ने कमल हासन की राजनीतिक समझ पर सवाल खड़े किए हैं। .