मिजोरम देश का दूसरा सबसे साक्षर राज्य है। यहां 28 नवंबर को मतदान होने हैं। यहां की जनता कई सालों से ललथनहवला पर अपना विश्वास जताती आई है। राज्य की 40 सीटों में से अधिकतर कांग्रेस के खाते में ही रहती हैं, लेकिन एक सीट ऐसी भी है, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में मात्र 14 वोटों से हार जीत का फैसला हुआ था।
2013 के विधानसभा चुनाव में तुईकुम सीट से एमएनएफ के इंजीनियर लालरिनावमा ने जीत दर्ज की थी, उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार के.लियानजुआला को हराया था। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 12981 वैध मत पड़े थे। एमएनएफ के पक्ष में 4467 मत पड़े, वहीं उप-विजेता रहे कांग्रेस के उम्मीदवार को 4453 मत मिले थे।
उत्तर पूर्व में स्थित इस राज्य में कुल 40 विधानसभा सीटें हैं। 8 जिलों वाले इस पर्वतीय राज्य में 25 नवंबर 2013 को हुए पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को सत्ता हांसिल हुई थी। जिसमें कांग्रेस के ललथनहवला राज्य के मुख्यमंत्री बनें। 2013 के विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्य मुकाबला कांग्रेस और मिजो नेशनल फ्रंट के बीच था, जिसमे कांग्रेस को 34 सीटें मिली थी। इससे पहले भी 2008 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने 32 विधानसभा सीटें जीती थी और कांग्रेस के ललथहवला मुख्यमंत्री बने थें।