भारतीय जनता पार्टी ने साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। इसी क्रम में, भाजपा उन सीटों पर अपना विशेष फोकस कर रही है, जहां 2019 में उसे हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी ने इन सीटों पर अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए 'क्लस्टर प्लान' तैयार किया है।
आगामी लोकसभा चुनावों में अब दो साल का समय भी नहीं बचा है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियों ने अभी से अपने-अपने दांव चलने शुरू कर दिए हैं। जहां विपक्षी दल भाजपा को हराने के लिए एक साथ आने की अपील कर रहे हैं। वहीं भाजपा भी मिशन मोड में आ गई है। भाजपा का दामन छोड़ने के बाद बिहार के सीएम नीतीश कुमार आए दिन कई राज्यों के नेताओं से मुलाकात-पर मुलाकात कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस भी अपनी साख को मजबूत करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। पिछले लोकसभा चुनावों से इस बार के हालात जुदा हैं। ऐसे में भाजपा चुनावों की तैयारियों में कोई कोर कसर छोड़ना नहीं चाहती। अमित शाह से लेकर जेपी नड्डा और खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी से अपनी पूरी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। इसीा क्रम में भाजपा ने एक ऐसा मास्टर प्लान तैयार किया है जो विपक्षियों को चित्त कर सकता है।
विज्ञापन
भाजपा लगाना चाह रही जीत की हैट्रिक
भाजपा
- फोटो : Social Media
दरअसल, भाजपा इस बार जीत की हैट्रिक लगाना चाह रही है। उसका फोकस जीती हुई सीटों पर दोबारा जीत दर्ज करने के साथ ही उन सीटों पर विशेष रूप से हैं जहां पार्टी या तो दूसरे या तीसरे नंबर पर रही थी। इसी बाबत, भाजपा ने देश भर में चुनी गई 144 सीटों पर पीएम मोदी की मेगा रैली कराने की योजना बनाई है।
इन खास सीटों के लिए भाजपा का खास प्लान
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा ने जिन 144 सीटों के लिए अपना मास्टर प्लान तैयार किया है, उनमें ज्यादातर सीटें पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, महाराष्ट्र, पंजाब, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, तमिलनाडु जैसे राज्यों की हैं। इनमें भी सबसे ज्यादा सीटें पश्चिम बंगाल की हैं। बंगाल के बाद फिर ज्यादातर सीटें दक्षिण भारतीय राज्यों की है। इन 144 सीटों में अधिकांश वे सीटें हैं जहां साल 2019 में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा इन सीटों पर अपना विशेष फोकस कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को पार्टी ने इन सीटों पर अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए 'क्लस्टर प्लान' तैयार किया है।
लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा
- फोटो : Social Media
इन सीटों के लिए भाजपा ने पहले से ही रोडमैप तैयार कर लिया था। विस्तृत योजना के पहले चरण में इन 144 सीटों के लिए बड़े केंद्रीय मंत्रियों जिम्मेदारी तय कर दी गई थी। इन केंद्रीय मंत्रियों को इन सीटों का दौरा करने और भाजपा कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के साथ बैठक करने के लिए कहा गया था।
2019 में भी मिला था फायदा
गौरतलब है कि भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 303 सीटों पर जीत हासिल कर बहुमत की सरकार बनाई थी। उस चुनाव में भी बीजेपी ने इसी तरह का मास्टर प्लान तैयार किया था। भाजपा को उस प्लान का फायदा भी मिला था। तब 2019 में भाजपा ने 2014 की 282 सीटों की तुलना में 300 सीटों पर जीत दर्ज की थी।