महाराष्ट्र के जालना जिले में मानसिक रूप से कमजोर महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महाराष्ट्र पुलिस ने मंगलवार को जानकारी दी कि महिला की मानसिक स्थित कमजोर है जिसका फायदा उठाकर एक शख्स ने उसके साथ इस घिनौने काम को अंजाम दिया।
महिला को इतनी समझ नहीं थी कि वो अपने साथ हुए दुष्कर्म की जानकारी किसी को दे सके। इस घटना के बारे में पांच फरवरी को पता लगा जब उसे गर्भवती पाया गया। दरअसल, पीड़िता के दादा ने महसूस किया कि उसकी तबियत ठीक नहीं चल रही और वह सुस्त रहती है। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। यहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने बताया कि महिला गर्भवती है।
महिला के गर्भवती होने की बात सामने आने पर उसे पुणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने गर्भपात कराने की सलाह दी। परिजनों ने डॉक्टरों की सलाह मानते हुए उसका गर्भपात करा दिया।
बाद में पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को इस पूरी घटना की जानकारी देते हुए शिकायत भी दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और आरोपी तक पहुंचने के लिए जांच शुरू कर दी है।