इस महीने की शुरुआत में जिले के मीरा रोड इलाके में मनोज साने (56 वर्षीय) ने अपनी लिव-इन पार्टनर सरस्वती वैद्य (32 वर्षीय) की कथित तौर पर हत्या कर दी थी। आरोपी ने इमारत की सातवीं मंजिल पर अपने अपार्टमेंट में उसके शरीर के अंगों को काटा, प्रेशर कुकर में पकाया और भून दिया था।
पिछले हफ्ते अदालत ने साने की पुलिस हिरासत 22 जून तक बढ़ा दी थी। लेकिन पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद उसे प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट (जेएमएफसी) एमडी नानावरे के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने उसे छह जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जांच अधिकारी ने केस डायरी भी अदालत में पेश की।
साने को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद मामले की जांच कर रही मीरा भयंदर-वसई विरार पुलिस ने उसी अदालत में एक आवेदन देकर उसे तीन दिन की हिरासत में भेजने की मांग की थी। उनके वकील अतुल सरोज ने बताया कि नया नगर पुलिस थाने के कर्मियों ने अदालत में आवेदन देकर कहा कि वे आरोपी का मनोविश्लेषण परीक्षण कराना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अदालत शुक्रवार को मामले की सुनवाई करेगी।
पुलिस ने सात जून को वैद्य के शरीर के कटे हुए हिस्से बरामद किए थे। संदेह है कि चार जून को उसकी हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद साने ने कथित तौर पर उसके शरीर के अंगों को बाल्टी में भर दिया, कुछ मांस उबाला और भून दिया और अपराध के सबूतों को निपटाने के लिए कुत्तों को भी खिलाया। यह मामला तब सामने आया जब पड़ोसियों ने साने और वैद्य के फ्लैट से बदबू आने की शिकायत की।