केंद्रीय परिवार कल्याण और स्वास्थ्य मंत्रालय ने उच्च स्तरीय केंद्रीय टीमों का गठन किया है। मंत्रालय ने इन टीमों को केरल, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में नियुक्त करने के लिए बनाया है। इन राज्यों में हाल ही में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
ये केंद्रीय टीम राज्यों की कोरोना के प्रबंधन में मदद करेंगी। ये टीमें कंटेनमेंट जोन, निगरानी, कोरोना वायरस के लिए हो रहे टेस्ट, संक्रमण को रोकना और नियंत्रण मापदंड को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकारों की मदद करेंगी। इसके अलावा ये टीम पॉजिटिव मामलों के कुशल क्लीनिकल प्रबंधन पर भी फोकस करेंगी।
मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय दल संक्रमण का समय पर पता लगाने और इसके बाद के कार्यों से संबंधित चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने में भी मदद करेंगे। हर टीम में स्वास्थ्य से संबंधित पहलुओं पर नजर रखने के लिये एक संयुक्त सचिव (संबंधित राज्य के लिये नोडल अधिकारी) और एक जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ होगा।
इसके अलावा एक चिकित्सक भी होगा, जिसका काम संक्रमण की रोकथाम के लिये सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों और इससे निपटने के लिए अपनाए जा रहे क्लीनिकल प्रबंधन नियमों पर नजर रखा होगा।