दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने वित्त मंत्रालय से संबंधित संवेदनशील जानकारी लीक करने वाले एक जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। डेटा एंट्री ऑपरेटर में संविदा कर्मचारी सुमित को पैसे के बदले जासूसी गतिविधियों और विदेशों को वर्गीकृत डेटा प्रदान करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
दिल्ली पुलिस अपराध शाखा के मुताबिक, तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, मोबाइल का इस्तेमाल वह वित्त मंत्रालय से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं साझा करने के लिए करता था। आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
हलाल मांस उत्पादों के प्रमाणन के लिए मसौदा दिशानिर्देश जारी
इस बीच वाणिज्य मंत्रालय ने सभी मांस और इसके उत्पादों को ‘हलाल प्रमाणित’ के रूप में निर्यात को लेकर दिशानिर्देश जारी किया है। इसके तहत इनका निर्यात तभी किया जाएगा, जब इसके उत्पादन, प्रसंस्करण और पैकेट को लेकर वैध प्रमाणपत्र हो। यह प्रमाणपत्र भारतीय गुणवत्ता परिषद के बोर्ड से मान्यता प्राप्त निकाय जारी करेगा। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने देश से मांस और मांस उत्पादों के निर्यात के लिए हलाल प्रमाणन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से हलाल प्रमाणन पर मसौदा दिशानिर्देश का प्रस्ताव किया है।
दिवाला कानून में कुछ बदलाव की तैयारी कर रही है सरकार
वहीं, केंद्र सरकार दिवाला कानून में कई बदलाव लाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत सरकार का उद्देश्य प्रक्रिया को तेज करना और इसके पहले से निर्धारित ढांचे का दायरा बढ़ाना है। 2016 में अस्तित्व में आई दिवाला एवं ऋणशोधन अक्षमता संहिता (आईबीसी) दबाव वाली परिसंपत्तियों का बाजार आधारित और तय समय में समाधान करना है। इस संहिता में पहले की कई संशोधन हो चुके हैं।