पिछले कुछ दिनों से केंद्रीय मंत्रिमंडल के मंत्रियों में सांसदों के लिए दावत का आयोजन करने की होड़ मच गई है। गुरुवार को ही सूचना और प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू और संस्कृति मंत्री महेश शर्मा दोनों ने एक साथ सांसदों को दावत दे डाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब से मंत्रियों को सांसदों के साथ मेलजोल बढ़ाने और अपने-अपने विभागों के विकास कार्यों का लेखा-जोखा बताने की नसीहत दी है तब से मोदी सरकार के आधा दर्जन मंत्री इस डिनर डिप्लोमेसी का निर्वाह कर चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक, वेंकैया नायडू ने गुरुवार को नई दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में सांसदों के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया। दिलचस्प यह है कि इस भोज में प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, संगठन महामंत्री रामलाल भी मौजूद थे। गुरुवार को ही संस्कृति मंत्री महेश शर्मा ने अपने नोएडा आवास पर सांसदों के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया जिसमें उत्तर प्रदेश के सांसद मौजूद थे।
इससे एक दिन पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली भी इसी तरह की दावत दे चुके हैं जबकि इस डिनर डिप्लोमेसी की शुरुआत नरेंद्र सिंह तोमर से हुई। इसके बाद अपनी नमामि गंगे परियोजना के बारे में सांसदों को जानकारी देने के लिए केंद्रीय मंत्री उमा भारती और फिर नितिन गडकरी इसी परंपरा को आगे बढ़ा चुके हैं।