अरुणाचल पर चीन के दावों से फर्क नहीं पड़ता- विदेश मंत्रालय
इस बीच, पत्रकारों से बातचीत करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के मामले पर हमारी स्थिति स्पष्टहै। हमने इस संबंध में बयान भी जारी किए हैं। चीन जितनी बार चाहे अपने निराधार दावों को दोहरा सकता है। उनके बार-बार बोलने से ऐसा तो है नहीं कि वास्तविक स्थिति बदल जाए। उन्हें ध्यान रखना चाहिए कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और रहेगा।
रूस के सामने हमने मुद्दे को हटाया है- रणधीर जयसवाल
रूसी सेना में भारतीयों के शामिल होने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि हम लगातार रूसी अधिकारियों के संपर्क में हैं। हमने मामले को उनके सामने दृढ़ता से उठाया है कि हमारे नागरिकों को जल्द से जल्द रिहा किया जाए और छुट्टी दे दी जाए। अब तक दो लोगों की मौत हुई है, जिनके शव भारत आ गए हैं। इसी बीच, विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा कि मंत्रालय में वर्तमान में निदेशक सीता राम मीणा को नाइजर गणराज्य में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया है।
बाल्टीमोर हादसे पर विदेश मंत्रालय ने कही यह बात
विदेश मंत्रालय ने कहा कि कुछ दिन पहले अमेरिका के बाल्टीमोर में एक पुल से टकराने वाले मालवाहक जहाज पर 20 भारतीय सवार थे और भारतीय दूतावास उनके और स्थानीय अधिकारियों के साथ करीबी संपर्क में है। बाल्टीमोर में पटाप्सको नदी पर बना 2.6 किलोमीटर लंबा, चार लेन वाला फ्रांसिस स्कॉट का ब्रिज मंगलवार को 984 फुट लंबे जहाज 'डाली' से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि सभी अच्छी हालत में हैं, अच्छा स्वास्थ्य है। उनमें से एक को थोड़ी चोट लगी है और टांके लगाए गए हैं।