दक्षिण कोलकाता के मेटियाब्रुज में पांच मंजिला एक निर्माणाधीन इमारत ढह गई है। पश्चिम बंगाल अग्निशमन और आपातकालीन सेवाएं के प्रभारी निदेशक अभिजीत पांडे ने बताया कि बचाव दल मौके पर मौजूद है। पुलिस के आला-अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। अधिकारी की मानें तो फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। बंगाल सरकार में मंत्री सुजीत बोस घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि मलबे में दबकर नौ लोगों की मौत हो गई। हालांकि, 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, कुछ और लोग अब भी मलबे में फंसे हुए है।
इस घटना के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्हें हाल ही में सिर पर चोट लगी थी। सीएम ने सिर पर पट्टी बंधे होने के बावजूद आला-अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया और इस पर जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय निवासियों को अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक मृतक और घायल व्यक्ति के परिजनों को मुआवजा देगी।
उन्होंने एक अस्पताल में घायलों से मुलाकात करने के बाद कहा, ‘‘यह एक अवैध निर्माण है। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं प्रशासन से अवैध निर्माण में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध करूंगी।’’
कोलकाता महापौर बोले- जिम्मेदारों पर होगी कड़ी कार्रवाई
कोलकाता के महापौर फिरहाद हाकिम ने बताया कि घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है और यह इमारत अवैध रूप से बनाई जा रही थी। हाकिम ने बताया कि इमारत के प्रॅमोटर मोहम्मद वसीम को गिरफ्तार कर लिया गया है और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हाकिम पश्चिम बंगाल के शहरी विकास मंत्री भी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात की है और हम प्रत्येक मृतक के परिजन को पांच लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को एक लाख रुपये देंगे।’’
घटना क्या बोले स्थानीय लोग?
स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत के ढहने से पहले कंक्रीट के टुकड़े गिरे थे। उन्होंने बताया कि इमारत के ढहने पर एक तेज आवाज आयी और पूरे इलाके में धूल का गुबार छा गया। घनी आबादी वाले इस इलाके में इमारत का मलबा आसपास की झुग्गियों पर भी गिरा।
एक निवासी ने बताया, ‘‘निर्माणाधीन इमारत में कोई रहता नहीं था लेकिन यह आसपास की झुग्गियों पर गिरी। हमें आशंका है कि कई लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।’’
13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
इससे पहले, समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया था कि कोलकाता पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल ने घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब तक 13 लोगों को बचा लिया गया है। लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है, इसी वजह से तलाशी अभियान अब भी जारी है। मौके पर एंबुलेंस तैनात कर दी गईं। वहीं, एक स्थानीय निवासी ने बताया कि निर्माणाधीन इमारत में कोई नहीं रहता था। लेकिन इमारत बगल की झुग्गियों पर गिर गई। हमें डर है कि अब भी मलबे के नीचे लोग फंसे हो सकते हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने भी किया ट्वीट
बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि हजारी मोल्ला बागाना, मेटियाब्रुज में एक पांच मंजिला इमारत गिर गई। कोलकाता मेयर फिरहाद हकीम का गढ़ है। उन्होने बताया कि प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजदू हैं और साथ ही आपदा प्रबंधन टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है।