महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि उन्हें पुरूषों की तरफ से उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की बहुत सी शिकायतें आ रही हैं। मेनका ने नेशनल कमीशन फॉर वूमेन को ऐसे पीड़ित पुरूषों के मामलों को देखने के लिए कोई व्यवस्था करने की मांग की।
मेनका ने NCW की चेयरमेन ललिथा कुमारमंगलम को चिट्ठी लिखी। उन्होंने कहा कि एक पखवाड़े के भीतर एनसीडब्ल्यू ऑनलाइन शिकायत प्रणाली में पुरूषों को झूठे मामले में फंसाने के की जांच के लिए विंडो का संचालन करे। मेनका ने बताया कि उन्हें पुरूषों की तरफ से घरेलू हिंसा, दहेज और रेप केस में झूठा फंसाने संबंधी शिकायते मिल रही हैं। उन्होंने इस मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा पुरूषों को झूठे मामलों में फंसाने पर सख्त कार्रवाई होगी। शिकायत करने वाले पुरूषों को अपने आधार या वैध मोबाइल नंबर को अपनी शिकायत से लिंक करना होगा। हांलाकि मेनका ने कहा कि बतौर महिला एवं बाल विकास मंत्री उनकी पहली प्राथमिकता महिलाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान है, लेकिन महिला कानून का दुरूपयोग करना भी चिंता का विषय है।
इस बीच, एनसीडब्ल्यू अधिकारियों ने कहा कि यह कदम उन दिशानिर्देशों के खिलाफ है, जिन पर आयोग आधारित है। राष्ट्रीय आयोग के महिला अधिनियम 1990 के तहत जनवरी 1992 में एनसीडब्लू को वैधानिक निकाय के रूप में स्थापित किया गया था और यह मंत्रालय के नियंत्रण में नहीं आया है। एनसीडब्लू के अधिकारी ने कहा पुरुषों के पास अन्य रास्ते हैं, उदाहरण के लिए, एनएचआरसी के माध्यम से वे अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। आपको बता दें कि एनसीडब्ल्यू हर साल लगभग 23,000 मामलों का प्रबंधन करता है, जो ज्यादातर घरेलू हिंसा से संबंधित हैं।