मेघालय में सत्तारूढ़ एनपीपी के विधायक थॉमस संगमा के खिलाफ शादी का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म के आरोप में पूर्वी खासी पर्वतीय जिले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिल्वेस्टर नोंगटिंगर ने कहा कि शिकायत के अनुसार तीन महीने पहले महिला के दोस्त बने थॉमस संगमा अब उस पर गर्भपात कराने का दबाव डाल रहे हैं।
पहले भी की थी शिकायत पर वापस ले ली
नोंगटिंगर ने कहा कि महिला ने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि वह जानती थी कि उत्तरी तुरा क्षेत्र से विधायक संगमा विवाहित हैं, लेकिन फिर भी उसने संबंध बनाए क्योंकि विधायक ने अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का वादा किया था। शिकायत में कहा गया है कि इस संबंध में पहले भी उसने शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पूर्व सांसद संगमा के दबाव में आकर उसे वापस ले लिया था।
कांग्रेस ने लिखा विधानसभा अध्यक्ष को पत्र
पुलिस अधीक्षक ने कहा, 'हमने एक जून के इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की। मामले की जांच जारी है।' वहीं, इस पर विपक्षी कांग्रेस की नेता और राज्य विधानसभा महिला सशक्तिकरण समिति की अध्यक्ष अंपारीन लिंगदोह ने थॉमस पर निशाना साधा है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष मेतबाह लिंगदोह को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने आरोपी विधायक को सदन की सभी समितियों से बर्खास्त करने की अपील की है।
आरोपों को कांग्रेस ने बताया निराशाजनक
लिंगदोह ने विधानसभा अध्यक्ष को लिखे अपने पत्र में लिखा, 'यौन उत्पीड़न के आरोप काफी निराशाजनक हैं... विधानसभा महिला सशक्तिकरण समिति की अध्यक्ष होने के नाते, मैं यह सुनिश्चित करने को लेकर प्रतिबद्ध हूं कि दोनों पक्ष, विशेषकर महिला न्याय से वंचित न रहे।' समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार थॉमस संगमा का पक्ष जानने की कोशिश की गई, किंतु उनसे संपर्क स्थापित नहीं हो पाया।