मेघालय के अवैध कोयला खदान में पिछले 13 दिनों से फंसे श्रमिकों को निकालने में जुटे राहत बचाव दल की नौसेना मदद करेगी। पूर्वी जयंतिया हिल्स के उमप्लेंग में जारी इस अभियान में पिछले कुछ दिनों से पानी कम हो रहा था मगर अचानक से फिर खदान में जल का स्तर बढ़ गया है। करीब 37.5 मीटर पानी बढ़ गया है।
एनडीआरएफ के करीब 60 कर्मी और अन्य दल जल का स्तर कम होने का इंतजार कर रहे हैं। पूर्वी जयंतिया हिल्स के डीसी ई खारमाल्की ने बताया कि नौसेना का एक बचाव दल अभियान स्थल के लिए रवाना हो चुका है।
खदान में फंसे पांच लोगों में से चार असम और एक त्रिपुरा से है। नौसैनिकों ने 2019 में पानी भरे खदान से तीन मजदूरों के शव निकाले थे। बता दें कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण की ओर से यहां 2014 से ‘रैट होल माइनिंग’ प्रतिबंधित है।