त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में चुनाव तारीखों का ऐलान हो चुका है। तारीखों के ऐलान से कुछ ही देर पहले मेघालय सरकार में कैबिनेट मंत्री और हिल स्टेट पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी विधायक रेनिकटोन लिंगदोह तोंगखार, टीएमसी विधायक शितलांग पाले, कांग्रेस से सस्पेंड चल रहे पार्टी विधायक मेरिलबोर्न सिएम और पीटी साकमेई, निर्दलीय विधायक लेंबोर मालंगियांग का नाम शामिल है। विधायकों के इस्तीफे के बाद राज्य में कांग्रेस और हिल स्टेट पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के अब एक भी विधायक नहीं बचे हैं।
इस्तीफा देने वाले पांचों विधायक यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी में शामिल हो सकते हैं। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी मेघालय की कोनराड संगमा सरकार की अहम साझेदार पार्टी है। पार्टी सूत्रों ने यह दावा किया है। मेघालय विधानसभा में अब विधायकों की संख्या घटकर 42 हो गई है। विधानसभा से अब तक 18 विधायक इस्तीफा दे चुके हैं। विधानसभा सचिव एंड्रयू साइमन ने बताया कि पांचों विधायकों का इस्तीफा मिल गया है।
नेशनल पीपल्स पार्टी के मुखिया कोनराड संगमा के नेतृत्व में छ पार्टियों ने मिलकर मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस बनाया हुआ है। दो विधायकों वाली भाजपा भी इस गठबंधन का हिस्सा है। मेघायल में 50 साल के इतिहास में मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस की सरकार सिर्फ तीसरी सरकार है, जिसने अपना कार्यकाल पूरा किया है।
भाजपा पहले ही ऐलान कर चुकी है कि आगामी चुनाव में वह अकेले दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी। वहीं कोनराड संगमा के नेतृत्व वाली नेशनल पीपल्स पार्टी ने भी अकेले दम पर चुनाव लड़ने की बात कही है। चुनाव आयोग ने मेघालय में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। 60 सदस्यों वाली मेघालय विधानसभा के चुनाव का नोटिफिकेशन 31 जनवरी को जारी होगा और राज्य में 27 फरवरी को मतदान होगा। चुनाव नतीजों का ऐलान 2 मार्च को होगा।