पाकिस्तान को दिया गया मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा वापस लेने संबंधी आज होने वाली समीक्षा बैठक फिलहाल टल गई है। अब इस बैठक के अगले हफ्ते होने की उम्मीद है। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा विदेश मंत्रालय और वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों को भी शामिल होना था।
बता दें कि डब्लूटीओ के गठन के एक साल बाद ही भारत ने 1996 में पाकिस्तान को सर्वाधिक तरजीही राष्ट्र का दर्जा दे दिया था। जिसके बाद पाकिस्तान के साथ होने वाले व्यापार में पडोसी मुल्क को खासी छूट हासिल है। उड़ी हमले के बाद भारत इस दर्जे की समीक्षा करना चाहता है इसी कड़ी में आज प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में विदेश और वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों की बैठक होनी थी।
उम्मीद की जा रही थी कि आज बैठक में पाकिस्तान से एमएफएन का दर्जा वापस लेने के फैसले पर मुहर लग सकती है। लेकिन इससे पहले ही बैठक टलने की खबर आ गई। हालांकि बैठक रद क्यों की गई इस संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।